देश की खबरें | राजस्थान: महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाशिवरात्रि के पर्व पर मंगलवार को शिवालयों में पूजा अर्चना करने के लिये सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ बम बम भोले की गूंज सुनाई दी।

जयपुर, एक मार्च महाशिवरात्रि के पर्व पर मंगलवार को शिवालयों में पूजा अर्चना करने के लिये सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ बम बम भोले की गूंज सुनाई दी।

राज्यभर के शिवालयों में शिव भक्तों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही शिव मंदिरों में पूजा अर्चना के लिये कतार में दिखाई दिये। शिव भक्तों ने मंदिर में बिल्व पत्र, बेर, गाजर, माला पुष्प, चंदन, दुग्ध, दही, शहद, पंचामृत और जलाभिषेक से भगवान शिव की पूजा आराधना की

राज्यपाल कलराज मिश्र ने महाशिवरात्रि के अवसर पर राजभवन स्थित राज राजेश्वर महादेव मंदिर में परिवार सहित पूजा अर्चना की। मिश्र ने रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और संपन्नता के लिए कामना की।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर में सपरिवार पूजा अर्चना कर देश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गहलोत ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा की और आरती उतारी।

राजधानी जयपुर समेत पूरे प्रदेश में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और बम बोले तथा जय भोले नाथ की गूंज सुनाई दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक, दूध और पंचामृत स्नान के लिये कतार में लग कर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\