देश की खबरें | राजस्थान: कांग्रेस ने भाजपा विधायक मीणा की सदस्यता रद्द करने की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को यहां विधानसभा सचिव से मिला और अदालत से मिली सजा के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कंवर लाल मीणा की सदस्यता समाप्त करने की मांग की।

जयपुर, पांच मई राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को यहां विधानसभा सचिव से मिला और अदालत से मिली सजा के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कंवर लाल मीणा की सदस्यता समाप्त करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा सचिव को उच्च न्यायालय के आदेश की एक प्रति भी सौंपी, जिसमें आग्रह किया गया कि मीणा की सदस्यता एक मई से रद्द की जाए और कानूनी प्रावधानों के अनुसार उन्हें अगले छह वर्ष तक चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किया जाए।

राजस्थान उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह झालावाड़ अकलेरा स्थित अधीनस्थ न्यायालय के उस आदेश को बरकरार रखा था, जिसमें 20 वर्ष पुराने मामले में मीणा को तीन वर्ष की कैद की सजा सुनाई गई थी।

मीणा पर एक अधिकारी को धमकाने का आरोप था।

अंता से भाजपा विधायक ने उच्च न्यायालय के फैसले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है।

डोटासरा और जूली ने संवाददाताओं से कहा, “हमने उच्च न्यायालय के आदेश की प्रति विधानसभा के प्रमुख सचिव को सौंप दी है। अब यह जरूरी है कि कंवरलाल मीणा की सदस्यता बिना देरी के समाप्त की जाए।”

डोटासरा ने कहा, “देश में दो तरह के कानून नहीं हो सकते। राहुल गांधी की सदस्यता 24 घंटे के भीतर समाप्त कर दी गई और सात दिन में उनको आवंटित आवास खाली करवा दिया गया। हम यहां इसकी मांग नहीं कर रहे हैं लेकिन विधायक की सदस्यता बिना देरी के समाप्त होनी चाहिए।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\