देश की खबरें | राजस्थान: भाजपा उम्मीदवार की तिजारा को गुरुग्राम की तरह विकसित करने की मंशा

जयपुर, 10 अक्टूबर अलवर से सांसद तथा तिजारा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बाबा बालक नाथ ने मंगलवार को कहा कि उनकी प्राथमिकता तिजारा को गुरुग्राम की तरह विकसित करना है।

सांसद ने राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि मोदी सरकार के काम चुनाव में महत्वपूर्ण कारक होंगे।

भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को नई दिल्‍ली में 2023 के विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की जिसके अनुसार राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों के लिए 23 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।

सांसद ने कहा, ‘‘मेरी प्राथमिकता तिजारा को गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित करने की रहेगी। यह एक औद्योगिक क्षेत्र है लेकिन कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण यहां विकास नहीं हो पाया।’’

उन्होंने दावा किया कि अलवर जिले में आने वाले तिजारा से कनेक्टिविटी उनके द्वारा शुरू की गई एक परियोजना के तहत बढ़ाई गई थी।

भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल राज्य को लूटने का काम कर रही है।

बालकनाथ ने पीटीआई से कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण की नीति के कारण क्षेत्र में कानून व्यवस्था चिंताजनक है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और लोग परेशान हैं। बैंक लूट, हत्या, महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसी घटनाएं बहुत आम हैं। कांग्रेस शासन में दलितों पर भी अत्याचार हुए। ये चुनावी मुद्दे होंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)