देश की खबरें | उद्धव को जन्मदिन की बधाई देने मातोश्री पहुंचे राज ठाकरे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने अपने चचेरे भाई एवं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे से रविवार को मुलाकात कर उन्हें उनके 65वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।

मुंबई, 27 जुलाई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने अपने चचेरे भाई एवं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता उद्धव ठाकरे से रविवार को मुलाकात कर उन्हें उनके 65वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।

राज दादर स्थित अपने आवास ‘शिवतीर्थ’ से उद्धव के बांद्रा स्थित आवास ‘मातोश्री’ पहुंचे।

उद्धव ने अपनी पार्टी के सांसद संजय राउत के साथ मुंबई स्थित मातोश्री बंगले के प्रवेश द्वार पर अपने चचेरे भाई का स्वागत किया। राज ने उद्धव को लाल गुलाब का एक बड़ा गुलदस्ता भेंट किया।

राज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे बड़े भाई, शिवसेना प्रमुख श्री उद्धव ठाकरे के जन्मदिन के अवसर पर, मैं अपनी शुभकामनाएं देने के लिए दिवंगत माननीय श्री बालासाहेब ठाकरे के निवास मातोश्री गया।’’

उन्होंने मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें पृष्ठभूमि में उनके चाचा और उद्धव के पिता बाल ठाकरे की तस्वीर लगी हुई दिखाई दे रही है।

उद्धव ने अपने चचेरे भाई से मिलकर खुशी जताई।

उद्धव ठाकरे ने पांच जुलाई को मुंबई में राज ठाकरे के साथ एक संयुक्त रैली में कहा था कि वह एवं मनसे प्रमुख ‘‘साथ बने रहने के लिए एकजुट हुए हैं।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महाराष्ट्र सरकार द्वारा हिंदी को लेकर जारी सरकारी आदेश को वापस लेने का जश्न मनाने के लिए आयोजित ‘विजय’ रैली में, चचेरे भाइयों ने मराठी अस्मिता और हिंदी को ‘थोपने’ के मुद्दे पर लगभग दो दशकों में पहली बार मंच साझा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\