देश की खबरें | गुरुग्राम में बारिश का स्तर कम हुआ, लेकिन कई इलाके अब भी जलमग्न
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुरुग्राम के अनेक हिस्सों में सोमवार को जलभराव की स्थिति बनी रही, जबकि बारिश की तीव्रता पिछले 24 घंटे में कम हुई है।
गुरुग्राम (हरियाणा), 10 जुलाई हरियाणा के गुरुग्राम के अनेक हिस्सों में सोमवार को जलभराव की स्थिति बनी रही, जबकि बारिश की तीव्रता पिछले 24 घंटे में कम हुई है।
शहर में सोमवार दोपहर बाद हल्की बारिश हुई और यातायात जाम की कोई समस्या नजर नहीं आई।
दिल्ली-जयपुर राजमार्ग और अन्य कुछ मार्गों से पानी निकाले जाने के बावजूद शहर के अनेक हिस्सों में सोमवार को भी जलभराव की स्थिति बनी रही, जिनमें महावीर चौक, अर्जुन नगर, सेक्टर-51, सोहना रोड, प्रताप नगर और डीएलएफ फेस-एक और तीन के निचले इलाके, पालम विहार, सेक्टर-चार, पांच, नौ, 10ए, 48 और सनसिटी टाउनशिप हैं।
स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि गुरुग्राम अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के पास अनेक रास्ते जलमग्न हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक जल निकासी का कोई बंदोबस्त नहीं किया है।
पटौदी रोड से सेक्टर-10 की ओर जाने वाली सड़कें भी पानी में डूब गयी हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने आज दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्र वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
हरियाणा के अनेक जिलों में भारी बारिश की मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य सरकार ने लोगों को परामर्श जारी किया है कि अत्यावश्यक कार्य नहीं होने पर घरों से बाहर न निकलें। आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को बंद करने के लिए भी दिशानिर्देश जारी किये गये हैं।
किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल के दल बनाये गये हैं।
गुरुग्राम में रविवार को भारी बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गयी थी और यातायात अवरुद्ध हो गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)