देश की खबरें | रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष ने कोलकाता में पूर्व-पश्चिम मेट्रो के कामकाज का निरीक्षण किया

कोलकाता, 28 नवंबर रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जया वर्मा सिन्हा ने हुगली नदी के नीचे से गुजर रही देश में अपनी तरह की पहली सुरंग में मंगलवार को ट्रेन से यात्रा कर पूर्व-पश्चिम (ईस्ट वेस्ट) मेट्रो के हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड तक के खंड का निरीक्षण किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने यात्री सुविधाएं तथा सुरक्षा एवं संरक्षा उपायों का निरीक्षण किया जो इस रेल व्यवस्था में अपनायी जा रही हैं।

कोलकाता मेट्रो के अधिकारी ने बताया कि बोर्ड की अध्यक्ष ने हुगली नदी के नीचे ट्रेन में हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड तक सफर किया।

सिन्हा ने पूर्व-पश्चिम परियोजना की क्रियान्वयन एजेंसी कोलकाता मेट्रो रेल निगम के मेट्रो रेल महाप्रबंधक पी उदय कुमार रेड्डी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस परियोजना पर विस्तार से चर्चा की।

अधिकारियों ने उन्हें इस परियोजना पर अब तक हुए कामों के बारे में बताया।

एक अधिकारी के अनुसार बोर्ड की अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि इस खंड को चालू करने से पहले सभी यात्री सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर लिये जाएं।

पूर्व-पश्चिम मेट्रो परियोजना पश्चिम बंगाल में आईटी केंद्र साल्ट लेक के सेक्टर पांच को हावड़ा मैदान से जोड़ती है। यह परियोजना 16.55 किलोमीटर की है जिसमें सेक्टर पांच से सियालदह के बीच 9.3 किलोमीटर मार्ग पर परिचालन चालू भी हो गया है।

सियालदह और एस्प्लेनेड के बीच के खंड पर काम पूरा होने में देरी मध्य कोलकाता में सुरंग बनाने के दौरान बहू बाजार में हादसे हो जाने की वजह से हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)