देश की खबरें | राहुल गांधी ने भ्रामक बात करके जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया : अश्विनी चौबे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के उस ट्वीट को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया जिसमें उन्होंने सरकार पर ‘‘वन भूमि को आसानी से छीनने’’ के लिए नए वन संरक्षण नियमों को कमजोर करने का आरोप लगाया है।

संभल (उप्र), 10 जुलाई केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के उस ट्वीट को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया जिसमें उन्होंने सरकार पर ‘‘वन भूमि को आसानी से छीनने’’ के लिए नए वन संरक्षण नियमों को कमजोर करने का आरोप लगाया है।

लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए यहां तीन दिवसीय दौरे पर आए चौबे ने पत्रकारों से कहा कि ‘‘राहुल (गांधी) जी ने जो ट्वीट किया है, मुझे नहीं लगता उनको इस प्रकार की भ्रामक बात लोगों को गुमराह करने के लिए करनी चाहिए थी।’’

चौबे ने कहा कि गांधी ने भ्रामक प्रचार करके जनता को भ्रमित करने का जो प्रयास किया है वो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, ऐसी कोई बात नहीं है, भारत सरकार वन विभाग की कोई भी जमीन नहीं छीन लेगी और हम छीन कर कहां ले जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री की यह टिप्पणी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर ‘‘वन भूमि को आसानी से छीनने’’ के लिए नए वन संरक्षण नियमों को कमजोर करने का आरोप लगाने के बाद आई। चौबे ने कहा कि उनकी पार्टी ‘‘आदिवासी भाइयों और बहनों’’ के साथ मजबूती से खड़ी है।

फिल्म ‘काली’ के पोस्टर को लेकर हुए विवाद पर चौबे ने कहा कि भगवती, लक्ष्मी और सरस्वती ‘सनातन धर्म’ के अनुयायियों के बीच ‘मातृशक्ति’ (नारी शक्ति) की प्रतीक हैं। उनका अपमान हमारा अपमान है और हम इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

भारतीय मूल की एक कनाडाई फिल्म निर्माता द्वारा पोस्टर में देवी के विवादास्पद चित्रण पर विवाद के बीच मंत्री की यह टिप्पणी आई, जिस पर भाजपा नेताओं और हिंदू समूहों ने नाराजगी व्यक्त की है।

इसके पहले केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने शनिवार को बहजोई के कलेक्ट्रेट में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की स्मृति में पौधा रोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। चौबे ने कहा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के भारत के साथ बहुत अच्छे रिश्ते थे और वो हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत अच्छे मित्र भी थे। उनकी हत्या से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत गहरा आघात लगा है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यों की सराहना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\