देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने तुर्किये में रह रहे तस्कर से जुड़े मादक पदार्थ गिरोह का किया भंडाफोड़

चंडीगढ़, 12 मई पंजाब पुलिस ने तुर्किये में रह रहे एक तस्कर से जुड़े मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, "अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी और हवाला गिरोह पर एक बड़ी कार्रवाई में, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तुर्किये में रह रहे तस्कर नवप्रीत सिंह उर्फ ​​नव भुल्लर से जुड़े एक मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया और उसके तीन सदस्यों गुरदीप सिंह उर्फ ​​साब, प्रदीप शर्मा और मनी शर्मा को गिरफ्तार किया है।"

यादव ने बताया कि तस्करों के पास से 1.01 किलोग्राम हेरोइन, 1.06 करोड़ रुपये का हवाला धन (84.02 लाख रुपये नकद और 22 लाख रुपये फ्रीज बैंक खातों में) एक नोट गिनने की मशीन और एक कार बरामद की गई।

डीजीपी यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गुरदीप नव भुल्लर के निर्देश पर एक स्थानीय व्यक्ति गिरोह को संचालित कर रहा था, जिसने उसे अमृतसर में छिपने का स्थान और रसद मुहैया कराई थी।

उन्होंने कहा कि एनडीपीएस (स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम) अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।

एक अलग मामले में पंजाब पुलिस ने तीन अन्य मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास मादक पदार्थ बरामद किए।

मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े दूसरे मामले का विवरण देते हुए डीजीपी ने कहा कि फाजिल्का पुलिस ने तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 60,000 100 मिलीग्राम की 'ट्रामाडोल' गोलियां बरामद की हैं, साथ ही उन्हें ले जाने के लिए इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद किया है।

उन्होंने कहा कि जलालाबाद सिटी पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)