देश की खबरें | पंजाब: किसानों ने ‘आप’ के मंत्रियों और विधायकों के आवासों के बाहर प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के किसानों ने पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों को शंभू और खनौरी बॉर्डर से हटाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों के आवासों के बाहर सोमवार को प्रदर्शन किया।

चंडीगढ़/होशियारपुर, 31 मार्च पंजाब के किसानों ने पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों को शंभू और खनौरी बॉर्डर से हटाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों के आवासों के बाहर सोमवार को प्रदर्शन किया।

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।

किसानों ने पंजाब पुलिस द्वारा 19 मार्च को की गई कार्रवाई की आलोचना की। पुलिस ने 19 मार्च को किसान नेताओं को उस समय हिरासत में ले लिया था, जब वे चंडीगढ़ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करने के बाद वापस आ रहे थे।

प्रदर्शनकारी किसानों की मांग, खासकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी पर चर्चा करने के वास्ते उक्त बैठक का आयोजन किया गया था। जैसे ही किसान मोहाली में दाखिल हुए तो उन्हें भारी अवरोधकों का सामना करना पड़ा और उनके कुछ नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर से प्रदर्शनकारी किसानों और उनके अस्थायी ढांचों को भी हटा दिया। इसके बाद शंभू-अंबाला और संगरूर-जींद राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो गया है।

किसान मजदूर संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू ने सोमवार को कहा कि 17 जिलों में सात मंत्रियों और 21 विधायकों के घरों के बाहर प्रदर्शन किया गया।

किसान नेताओं ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के साथ मिलीभगत करके शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसानों को हटाने का काम किया।

केएमएम के नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि वे पुलिस द्वारा अस्थायी ढांचों को हटाए जाने के बाद विरोध स्थलों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य सामान की चोरी के लिए भी मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसान चाहते हैं कि विरोध स्थल से उनका सामान चुराने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

शंभू और खनौरी बॉर्डर पर प्रदर्शन करने वाले कई किसानों ने दावा किया कि ट्रॉलियों सहित उनका सामान गायब है और हो सकता है कि वह चोरी हो गया हो।

जालंधर में कुछ किसान पुलिस अधिकारियों से भिड़ गए और मंत्री मोहिंदर भगत की ओर बढ़ने के लिए अवरोधकों को जबरन पार करने की कोशिश की।

मोगा के धर्मकोट में ‘आप’ विधायक दविंदरजीत सिंह लड्डी डोस के आवास के बाहर बैठे प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि विधायक का एक सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर उनके वाहन को प्रदर्शन स्थल से भगा ले गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\