देश की खबरें | पंजाब : ईसाई और दलित संगठनों ने मणिपुर हिंसा के विरोध में प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर हिंसा के विरोध में 'पंजाब बंद' के आह्वान के तहत राज्य के कई ईसाई और दलित संगठनों ने बुधवार को जालंधर, फिरोजपुर और मोगा सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन किया।
चंडीगढ़, नौ अगस्त मणिपुर हिंसा के विरोध में 'पंजाब बंद' के आह्वान के तहत राज्य के कई ईसाई और दलित संगठनों ने बुधवार को जालंधर, फिरोजपुर और मोगा सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान जालंधर और फिरोजपुर जिलों के कई इलाकों में दुकाने बंद रहीं तथा प्रदर्शनकारियों ने मणिपुर हिंसा को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विभिन्न दलित और ईसाई संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद के मद्देनजर राज्य में कई स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि 'पंजाब बंद' आह्वान के तहत जालंधर में कई बाजार बंद रहे तथा दलित और ईसाई समुदायों के प्रतिनिधियों ने शहर के कपूरथला चौक पर धरना दिया। उन्होंने बताया कि रामा मंडी और नकोदर चौक पर पुलिस तैनात की गई है।
उन्होंने बताय कि बंद का असर फिरोजपुर जिले में भी दिखा। यहां कई स्थानों पर दुकानें और बाजार बंद रहे।
मोगा में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे मणिपुर में हिंसा के विरोध में दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद रखने की अपील करेंगे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
अधिकारी ने बताया कि लुधियाना में बाजार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले रहे।
लुधियाना के पुलिस उपायुक्त वरिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि शहर में कई संवेदनशील इलाकों में दंगा-रोधी दस्ते और वाहन तैनात किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)