पुणे, पांच अगस्त यहां की एक अदालत ने शनिवार को इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक ऐंड सीरिया (आईएसआईएस) से कथित तौर पर जुड़े चार आरोपियों की आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी।
पुणे स्थित कोथरुड पुलिस थाने की पुलिस ने 18 जुलाई को मोहम्मद इमरान और मोहम्मद युनूस को गिरफ्तार किया था, जिनकी तलाश राजस्थान में आतंकवाद से संबंधित एक मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को थी।
इसके बाद एटीएस ने सिमाब नसरुद्दीन काजी को गिरफ्तार किया। एनआईए ने जुल्फिकार अली बड़ौदावाला को ठाणे में गिरफ्तार किया था, जिसे पुणे एटीएस ने उसी मामले में अपनी हिरासत में लिया।
एटीएस ने चारों आरोपियों को शनिवार को अदालत के समक्ष पेश किया।
अभियोजन पक्ष ने सुनवाई के दौरान अदालत को बताया कि आरोपी आईएसआईएस से जुड़े हैं और उनके पास से प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई है।
एटीएस ने अदालत में कहा कि वे ई-मेल और फोन के जरिये अपने संदिग्ध आका के संपर्क में थे और संभव है कि इस नेटवर्क में और लोग संलिप्त हों।
एजेंसी ने उनकी हिरासत बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि आरोपियों ने विस्फोटकों में इस्तेमाल होने वाले विद्युत उपकरण का परीक्षण किया और उन्हें इस बारे में तकनीकी जानकारी थी, जबकि वे ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY