देश की खबरें | विश्व के 50 ‘सर्वश्रेष्ठ स्थानों’ की सूची में अहमदाबाद को शामिल करना गर्व का विषय: नड्डा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने टाइम पत्रिका द्वारा वर्ष 2022 में विश्व के ‘सर्वश्रेष्ठ स्थानों’ की सूची में भारत के अहमदाबाद को शामिल किए जाने पर बृहस्पतिवार को देशवासियों, खासकर गुजरात के लोगों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि गौरवान्वित करने वाली है।

नयी दिल्ली, 14 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने टाइम पत्रिका द्वारा वर्ष 2022 में विश्व के ‘सर्वश्रेष्ठ स्थानों’ की सूची में भारत के अहमदाबाद को शामिल किए जाने पर बृहस्पतिवार को देशवासियों, खासकर गुजरात के लोगों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि गौरवान्वित करने वाली है।

ज्ञात हो कि टाइम पत्रिका ने वर्ष 2022 में विश्व के ‘सर्वश्रेष्ठ स्थानों’ की सूची में भारत के शहर अहमदाबाद और केरल राज्य को शामिल किया है। इन दोनों स्थानों को ‘घूमने-फिरने के लिए 50 असाधारण स्थलों’ के रूप में चुना है।

पत्रिका ने कहा कि भारत के पहले यूनेस्को विश्व धरोहर शहर अहमदाबाद में प्राचीन और आधुनिक नवाचार दोनों हैं, जो इसे सांस्कृतिक पर्यटन का केंद्र बनाते हैं।

नड्डा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भारत के पहले यूनेस्को विश्व धरोहर शहर अहमदाबाद को अब टाइम पत्रिका द्वारा विश्व के 50 सर्वश्रेष्ठ स्थानों में शामिल किए जाने पर हर नागरिक, खासकर गुजरात की जनता को बधाइयां। यह उपलब्धि हम सभी को गौरवान्वित और खुशी का अनुभव कराने वाली है।’’

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी ने 2001 में जब से गुजरात के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला, उन्होंने हमेशा विश्व स्तरीय और भविष्योन्मुखी अवसंरचना विकास पर जोर दिया। मूलभूत सुविधाएं और विकास को लेकर यह उनका ही रुख था, जिसने यह संभव कर दिखाया और इससे अब देश को मदद भी मिल रही है।’’

टाइम पत्रिका के अनुसार, अहमदाबाद में साबरमती नदी के तट पर 36 एकड़ में बसे शांत वातावरण वाले गांधी आश्रम के साथ नवरात्रि का भी आनंद आता है। इस शहर में नौ दिन तक विश्व का सबसे लंबा नृत्य उत्सव मनाया जाता है।

टाइम पत्रिका की सूची में भारत के दक्षिण-पश्चिम तट का राज्य केरल भी शामिल है।

पत्रिका के अनुसार, शानदार समुद्र तटों और हरे-भरे ‘बैकवॉटर’, मंदिरों और महलों की अनुपम छटा के कारण केरल को ‘गॉड्स ओन कंट्री’ कहना बिल्कुल सही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\