देश की खबरें | बकाया वेतन को लेकर निगम शिक्षकों का दिल्ली भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के दो नगर निगमों के शिक्षकों ने बड़ी संख्या में बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के मुख्यालय के बाहर धरना दिया।
नयी दिल्ली, आठ दिसंबर दिल्ली के दो नगर निगमों के शिक्षकों ने बड़ी संख्या में बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के मुख्यालय के बाहर धरना दिया।
शिक्षक न्याय मंच नगर निगम के प्रमुख कुलदीप सिंह खत्री ने कहा कि उत्तरी निगम और पूर्वी निगम के शिक्षक 14 पंत मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा मुख्यालय के सामने जमा हुए और नारेबाजी की तथा ''सितंबर से नवंबर तक'' का वेतन जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा, ''एनडीएमसी और ईडीएमसी दोनों के सैकड़ों शिक्षकों ने आज सुबह से दिल्ली भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। लेकिन, हम यहां से तब तक नहीं हटेंगे जब तक कि दिल्ली भाजपा इकाई का कोई व्यक्ति आकर हमसे नहीं मिलता। हमें इस संकट से बाहर निकलने का रास्ता चाहिए। हम हमारे वेतन के बिना संघर्ष कर रहे हैं।”
यूनियन नेता ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की अन्य मांगों में महंगाई भत्ता (डीए) और मकान किराया भत्ता (एचआरए) जारी करना शामिल है।
वेतन के मुद्दे पर नगर निगम द्वारा संचालित स्कूलों के शिक्षक पहले भी विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं।
हाल में एनडीएमसी द्वारा संचालित अस्पतालों के डॉक्टरों ने बकाया वेतन के मुद्दे पर हड़ताल पर जाने की धमकी दी थी। हिंदू राव अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर कुछ दिनों के लिए हड़ताल पर चले गए थे, लेकिन बाद में बकाया वेतन जारी करने की नगर निकाय अधिकारियों की घोषणा के बाद इसे वापस ले लिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)