देश की खबरें | राष्ट्रपति रविवार को श्री एम आश्रम का दौरा करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को आंध्र प्रदेश के मदनपल्ली स्थित अध्यात्मवादी श्री एम के सत्संग फाउंडेशन आश्रम आएंगे।
तिरुपति, छह फरवरी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को आंध्र प्रदेश के मदनपल्ली स्थित अध्यात्मवादी श्री एम के सत्संग फाउंडेशन आश्रम आएंगे।
इस संबंध में एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति यहां करीब पांच घंटे तक रहेंगे।
अधिकारी के मुताबिक तिरुपति से 130 किलोमीटर दूर मदनपल्ली में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी और राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे।
इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति, श्री एम के आश्रम में योगशाला एवं भारत योग विद्या केंद्र का उद्धाटन करेंगे।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद राष्ट्रपति वहां मौजूद योग प्रशिक्षुओं एवं शिक्षकों को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति, श्री एम के साथ आश्रम में मौजूद लोगों को ऑनलाइन संबोधित करने से पहले रंगशाला का भी उद्घाटन करेंगे।
अधिकारी ने बताया कि आश्रम से रवाना होने से पहले राष्ट्रपति 38 बिस्तरों के स्वास्थ्य अस्पताल की आधारशिला रखेंगे जिसका निर्माण विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ नजदीकी गांवों के सुगली आदिवासियों के लिए किया जाएगा।
राष्ट्रपति आश्रम के कार्यक्रम के बाद तिरुपति से 70 किलोमीटर दूर सोडम जाएंगे जहां वह इंडोर बैडमिंटन कोर्ट की शुरुआत करने के साथ पीपल ग्रोव स्कूल के छात्रों एवं शिक्षकों को संबोधित करेंगे।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद राष्ट्रपति बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे और वहां से उनका दिल्ली वापस जाने का कार्यक्रम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)