देश की खबरें | आईआईटी-दिल्ली के नजदीक सड़क हुए गड्ढ़े की मरम्मत पूरी, यातायात बहाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आईआईटी-दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे शनिवार को सड़क पर हुये बड़े गड्ढे की मरम्मत रातोंरात पूरी कर ली गयी और इलाके में यातायात बहाल कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, एक अगस्त आईआईटी-दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे शनिवार को सड़क पर हुये बड़े गड्ढे की मरम्मत रातोंरात पूरी कर ली गयी और इलाके में यातायात बहाल कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मियों ने मिलकर सड़क पर हुये गड्ढे की मरम्मत का कार्य ‘रिकॉर्ड समय’ में पूरा कर लिया।
पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली जल बोर्ड के हमारे अधिकारियों ने कड़ी मेहनत करके शनिवार को आईआईटी फ्लाईओवर के नीचे पानी की एक भूमिगत पाइपलाइन में हुये रिसाव को ठीक कर दिया। इसके बाद, हमारे पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने लगातार काम करके रिकॉर्ड समय में सड़क का पुनर्निर्माण किया।’’
जैन ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड ने मध्यरात्रि तक प्रभावित इलाक़ों में पानी की आपूर्ति बहाल कर दी थी।
पीडब्ल्यूडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पानी की पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया था और इसकी मरम्मत के लिए तत्काल प्रयास शुरू किये गए। उन्होंने बताया कि गड्ढा 40 फुट गहरा और 12 फुट चौड़ा था, ऐसे में बेहद सावधानीपूर्वक कार्य किये जाने की आवश्यकता थी।
राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के बाद शनिवार को आईआईटी-दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे सड़क के एक हिस्से में बड़ा गड्ढा हो गया था। यातायात पुलिस ने इसके मद्देनजर लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की थी। पीडब्ल्यूडी ने कहा था कि दिल्ली जल बोर्ड की एक पाइपलाइन में रिसाव के कारण यह गड्ढा हो गया। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ने रविवार को बताया कि नीचे पाइपलाइन की वजह से मरम्मत कार्य पेचीदा था लेकिन प्रभावित यातायात को देखते हुए तेजी से यह काम पूरा कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘ हमने सड़क की मरम्मत के बाद अरबिंदो मार्ग पर सीधे यातायात की अनुमति दी है। आउटर रिंग रोड पर साइड लेन की मरम्मत का कार्य अब भी जारी है।''
पुलिस ने एक बयान में बताया कि क्रॉसिंग को अब नियमित यातायात के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, आईआईटी-दिल्ली की ओर जाने वाली सड़क पर दिल्ली जल बोर्ड द्वारा गहरे सीवर का काम चल रहा है।
बयान में कहा, ‘‘ एम्स से अरबिंदो मार्ग की तरफ आने वाले वाहन आईआईटी-दिल्ली की ओर जाने वाले क्रॉसिंग पर दाहिनी ओर नहीं मुड़ पाएंगे। आउटर रिंग रोड, पंचशील की ओर से आईआईटी फ्लाईओवर से लगने वाली सड़क (एट ग्रेड) से आने वाले वाहन आईआईटी क्रॉसिंग से सीधे नहीं जा पाएंगे।’’
बयान में बताया गया कि अरबिंदो मार्ग पर अधचीनी की तरफ से आने वाले वाले वाहनों के लिए सिर्फ एक लेन खुला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)