विदेश की खबरें | पोप फ्रांसिस ने युद्ध शुरू करने के ''द्वेषपूर्ण तर्क'' की निंदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. फ्रांसिस ने रविवार को ''दुखद'' आक्रमण के चलते भागने वाले यूक्रेनी शरणार्थियों के लिए मानवीय गलियारे खोलने की भी अपील की।

फ्रांसिस ने रविवार को ''दुखद'' आक्रमण के चलते भागने वाले यूक्रेनी शरणार्थियों के लिए मानवीय गलियारे खोलने की भी अपील की।

हालांकि इस दौरान फ्रांसिस ने रूस का नाम लेने से परहेज किया क्योंकि वह रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च के साथ संबंध सुधारने के प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ''युद्ध करने वाले इंसानियत को भूल जाते हैं।''

इस बीच, यूक्रेन के घटनाक्रम को लेकर विभिन्न देशों की ओर से प्रतिक्रियाएं आने का सिलसिला जारी है, जो इस प्रकार हैं:

वियना: ऑस्ट्रिया और इटली उन यूरोपीय देशों की सूची में शामिल हो गए हैं जो सभी रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र बंद कर रहे हैं।

जर्मनी, चेक गणराज्य, पोलैंड, स्लोवेनिया, एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया, रोमानिया और लक्जमबर्ग सहित कई अन्य यूरोपीय देशों ने भी घोषणा की है कि वे अपने संबंधित हवाई क्षेत्र को रूसी विमानों के लिए बंद कर रहे हैं।

जिनेवा: संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी ने कहा कि युद्ध की वजह से पड़ोसी देशों में पहुंच रहे यूक्रेन के नागरिकों की संख्या 3,68,000 हो गई है।

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी मामलों के उच्चायुक्त द्वारा रविवार को बताई गई शरणार्थियों की संख्या शनिवार के अनुमान की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। शनिवार को एजेंसी ने अनुमान जताया था कि यूक्रेन के कम से कम 1,50,000 नागरिक भागकर पोलैंड और हंगरी तथा रोमानिया समेत अन्य देश चले गए हैं।

प्रवक्ता क्रिस मीज़र ने ट्विटर पर कहा कि पोलैंड-यूक्रेन क्रॉसिंग पर वाहनों की 14 किलोमीटर लंबी लाइन लगी नजर आई। यूक्रेन छोड़कर भागने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं, जिन्हें रात भर ठंडे तापमान में लंबा इंतजार करना पड़ा।

पोलैंड की सरकार ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन के एक लाख से अधिक लोगों ने पिछले 48 घंटे में पोलैंड-यूक्रेन सीमा पार की है।

बर्लिन: जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज ने रविवार को कहा कि जर्मनी अपने सशस्त्र बल विशेष कोष में 100 अरब यूरो देने जा रहा है, जिसके साथ ही देश का रक्षा खर्च बढ़कर कुल जीडीपी का दो प्रतिशत हो जाएगा।

शॉल्ज ने रविवार सुबह बर्लिन के बुंडेस्टेग में एक विशेष सत्र में कहा, ''हमें अपने देश की स्वतंत्रता व लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए रक्षा क्षेत्र में और अधिक महत्वपूर्ण निवेश करने की जरूरत है। ''

जर्मनी का यह कदम काफी महत्वपूर्ण है, जो अपने रक्षा बजट में पर्याप्त निवेश नहीं करने के चलते अमेरिका और नाटो में शामिल अन्य देशों की ओर से आलोचना का सामना कर रहा है।

यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के मद्देनजर जर्मनी अपनी रक्षा और सुरक्षा नीतियों में महत्वपूर्ण सुधार कर रहा है। इसी सिलसिले में उसने यह कदम उठाया है।

इससे पहले, शनिवार शाम जर्मनी की सरकार ने घोषणा की थी कि वह यूक्रेन को प्रत्यक्ष रूप से हथियार और अन्य साजो-सामान भेज रही है।

ब्रसेल्स: यूरोपीय संघ के गृह मंत्री संघर्ष प्रभावित यूक्रेन से शरणार्थियों की आमद से निपटने के तरीके पर आपातकालीन वार्ता के लिए रविवार को इकट्ठा हो रहे हैं क्योंकि पोलैंड, हंगरी, रोमानिया और अन्य जगहों पर सीमा पार से हजारों लोग पलायन कर रहे हैं।

ब्रसेल्स में आयोजित इस बैठक में मंत्री लोगों को आश्रय देने और यूरोपीय संघ की बाहरी सीमाओं पर उत्पन्न सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा यूक्रेन को मानवीय सहायता प्रदान करने पर भी चर्चा की जा सकती है।

बुडापेस्ट: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विश्व खेलों में अपना सबसे वरिष्ठ आधिकारिक पद अस्थायी रूप से खो दिया है।

अंतरराष्ट्रीय जूडो महासंघ (आईजेएफ) ने रविवार को पुतिन के मानद अध्यक्ष के दर्जे को निलंबित करने के लिए ‘‘यूक्रेन में चल रहे युद्ध’’ का हवाला दिया। रूसी राष्ट्रपति जूडो खेल में दिलचस्पी रखते हैं और उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में इस खेल में भाग लिया था।

ओलंपिक खेल निकायों में जूडो महासंघ द्वारा यूक्रेन पर रूस के आक्रमण का वर्णन करने के लिए ‘‘युद्ध’’ शब्द का इस्तेमाल किया जाना दुर्लभ घटना है। खेल जगत से जुड़े अन्य संगठनों ने ‘‘संघर्ष में वृद्धि’’ जैसे शब्दों-वाक्यों का इस्तेमाल किया है।

पुतिन के करीबी माने जाने वाले आर्कडे रोटेनबर्ग आईजेएफ की कार्यकारी समिति में विकास प्रबंधक के पद पर बने हुए हैं।

कीव : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उनके देश पर आक्रमण के चलते रूस को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) से बाहर कर दिया जाना चाहिए।

जेलेंस्की ने रविवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि यूक्रेन पर रूस का आक्रमण नरसंहार की दिशा में उठा गया कदम है। उन्होंने कहा, ''रूस ने बुराई का रास्ता चुना है और दुनिया को उसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से बाहर कर देना चाहिए।’’

तेल अवीव : इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने कहा है कि यूक्रेन में लड़ाई में फंसे नागरिकों की सहायता के लिए देश 100 टन मानवीय सहायता सामग्री भेज रहा है। बेनेट ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल की बैठक में बताया कि सहायता में चिकित्सा उपकरण और दवा, टेंट, स्लीपिंग बैग और कंबल शामिल हैं।

बेनेट ने इजराइल के सार्वजनिक प्रसारक ‘कान’ की उस खबर पर कोई टिप्पणी नहीं की, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन के राष्ट्रपति ने उनसे रूस के साथ संकट को समाप्त करने के लिए बातचीत में मध्यस्थता करने का आग्रह किया। बेनेट के कार्यालय ने पुष्टि की है कि फोन पर बातचीत हुई लेकिन उसने खबर पर टिप्पणी करने से इनकार किया।

इस बीच, इजराइल में यहूदी प्रवासियों के लिए बने एक संगठन ने कहा कि वह रूसी आक्रमण से भागकर आने वाले नए प्रवासियों को जगह देने के लिए यूक्रेन सीमा पर अपने प्रयासों को तेज कर रहा है।

लंदन: ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि कीव में शनिवार रात को पहले की तुलना में उतनी भीषण लड़ाई नहीं हुई लेकिन यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में लड़ाई तेज हो रही है।

रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा, ‘‘यूक्रेनी सुरक्षाबलों ने लगातार दूसरी रात कीव शहर के भीतर रूसी सैनिकों का मजबूती से सामना किया। लड़ाई पिछली शाम की तुलना में कम भीषण रही।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘चेर्निहाइव में मजबूत प्रतिरोध का सामना करने के बाद, रूसी सेना कीव की घेराबंदी और अलग-थलग करने को प्राथमिकता दे रही है। रात भर मिसाइल दागे जाने के बाद खारकीव में रूसी और यूक्रेनी सेनाओं के बीच भीषण लड़ाई हुई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 48th Match Scorecard: चेन्नई में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से दी करारी शिकस्त, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार; यहां देखें IND बनाम ZIM मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 2nd ODI Key Players To Watch Out: ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम भारत महिला के बीच दूसरे वनडे में इन स्टार खिलाड़ियों पर होगी सबकी निगाहें

Australia Women vs India Women, 2nd ODI Pitch Report: दूसरे वनडे में भारत महिला के बल्लेबाज दिखाएंगे दम या ऑस्ट्रेलिया महिला के गेंदबाज करेंगे कमाल? यहां जानें पिच रिपोर्ट

India vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 48th Match Scorecard: चेन्नई में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के सामने रखा 257 रनों का टारगेट, अभिषेक शर्मा ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\