जयपुर, 16 फरवरी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने राज्य सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए गैंगवार को लेकर उस पर निशाना साधा। इसके साथ ही पूनियां ने राज्य के बजट की गोपनीयता भंग होने का भी आरोप लगाया।
पूनियां बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा में बजट पर हुई चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष की ओर से बोल रहे थे। दरअसल नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है और वे सदन में मौजूद थे लेकिन विपक्ष की ओर से उनकी जगह पूनियां बोले।
उन्होंने कहा, 'सबसे पहले तो बजट की गोपनीयता भंग की गयी। मर्यादाओं का उल्लंघन किया गया, इस तरह से बजट की ब्रांडिंग और मार्केटिंग कभी नहीं देखी गई।'
भाजपा नेता ने कहा, 'इस सरकार के चार साल के कालखंड में पांच अभिभाषण हुए, पांच बजट के भाषण हुए और सरकार के चार साल से भी ऊपर हो गये। 2722 घोषणाएं की गई, जिनमें से केवल 49 प्रतिशत पूरी हुई हैं। 1029 बजट घोषणाएं हैं, जिनमें से 350 पूरी हुई हैं और 800 शेष हैं।'
कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर कटाक्ष करे हुए उन्होंने कहा, 'राजस्थान में ऐसा दृश्य पहले कभी नहीं दिखा। यदि यहां की सुख, शान्ति और समृद्धि पर ग्रहण लगेगा तो न निवेश होगा, न शान्ति आयेगी और न सद्भाव होगा।'
उन्होंने कहा, 'इस कांग्रेस सरकार के पूरे कालखण्ड पर जो सबसे बड़ा कलंक है, वह है तुष्टीकरण का, गैंगवार का, बलात्कार का।'
पूनियां ने कहा, 'राजस्थान की पुलिसिंग पर ग्रहण लगा, मनोबल गिरा, राजनीतिक संरक्षण में माफिया पनपा और राजस्थान की पुलिसिंग पर बजट में प्रावधान किया, लेकिन केवल पुलिस के संसाधनों के लिए, पुलिस का बजट केवल तीन प्रतिशत है। कैसे कानून-व्यवस्था ठीक होगी?'
पृथ्वी कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY