देश की खबरें | गांव-गांव पहुंच विवादों का निपटारा कर रहा है थाना
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

संभल (उप्र), 11 जनवरी आमतौर पर प्यासा कुएं के पास जाता है लेकिन संभल जिले में पुलिस का एक थाना 'प्यासे के पास कुआं' जाने की कहावत चरितार्थ करते हुए गांव-गांव जाकर विवादों का निपटारा कर रहा है।

संभल जिले के बनियाठेर थाने की पुलिस ने एक अनोखी मुहिम चलाई है। इसके तहत थाने के प्रभारी कमलेश कुमार अपने इलाके के हर गांव जा जाकर पुराने मामलों का निपटारा कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने सोमवार को बताया कि प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक और बनिया ठेर थाने के प्रभारी कमलेश कुमार ने 'आपका थाना, आपके गांव में' नामक एक मुहिम चलाई है। इसके तहत वह अपने क्षेत्र के प्रत्येक गांव जाकर वहां मामलों का निबटारा करते हैं। वह गांव के छोटे-मोटे मसले को तुरंत निबटा रहे हैं क्योंकि यही छोटे मसले बड़े बन जाते हैं।

उन्होंने बताया कि अमूमन महिलाएं थाने में जाने से डरती हैं लिहाजा कमलेश गांव में ही उनकी समस्याओं का निबटारा भी तुरंत करने का प्रयास करते हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी यह कार्यक्रम बनिया ठेर थाना क्षेत्र में चलाया जा रहा है। जल्द ही इसे पूरे जिले में भी लागू किया जाएगा।

थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया, ‘‘आपका थाना आपके गांव में कार्यक्रम के तहत हम अब तक लगभग 20-25 गांव में अपना थाना ले जा चुके हैं। इसके तहत गांव की सभी समस्याओं के मौके पर ही निबटारे का प्रयास किया जाता है, जिससे कि कोई विवाद बड़ा ना बन सके। साथ ही पुलिस को आमजन मित्र समझ सके।’’

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को देखते हुए दबे कुचले और शोषित वर्ग के बहुत से लोग तथा थाने पर आने से डरने वाली महिलाएं भी आकर अपनी समस्या कह रही हैं। इस मुहिम को जनता का बहुत सहयोग मिल रहा है।

बहरहाल, पुलिस की इस अनूठी छवि की क्षेत्र में खासी चर्चा हो रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)