देश की खबरें | नाबालिग पहलवान की पहचान उजागर करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करे पुलिस: डीसीडब्ल्यू

नयी दिल्ली, 31 मई दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बुधवार को पुलिस को नोटिस जारी कर भाजपा सांसद तथा भारतीय कुश्ती संघ के निवर्तमान प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने वाली नाबालिग पहलवान की पहचान उजागर करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की ।

मालीवाल ने ट्वीट किया, “एक आदमी खुद को बृज भूषण के खिलाफ शिकायत देने वाली नाबालिग बच्ची का चाचा बताकर, उसके काग़ज़ात प्रेस में दिखाकर लड़की की पहचान उजागर कर रहा है। मैं पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। इस आदमी के खिलाफ पॉक्सो के तहत प्राथमिकी दर्ज हो। क्या इसलिए ही बृज भूषण को खुला छोड़ रखा है ताकि पीड़िता पर दबाव बना सके?”

डीसीडब्ल्यू के मुताबिक, एक नाबालिग लड़की सहित कुछ महिला पहलवानों ने आरोप लगाया है कि सिंह ने उनका यौन उत्पीड़न किया। मामले में उनके खिलाफ दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

आयोग ने कहा कि सोशल मीडिया पर अब एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है जिसमें नाबालिग शिकायतकर्ता का चाचा होने का दावा करने वाला एक व्यक्ति उसकी पहचान बताता है। ऐसा करना यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत अपराध है।

डीसीडब्ल्यू ने कहा कि पुलिस लड़की की पहचान उजागर करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे और इसकी एक प्रति तथा अन्य विवरण प्रदान करे।

आयोग ने पुलिस को छह जून को दोपहर 12 बजे पेश होने के लिए कहा है।

जोहेब नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)