ताजा खबरें | पूर्व सांसद रेवती रमण सिंह को पुलिस ने रिहा किया

प्रयागराज (उप्र), 25 मई लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान के दौरान प्रयागराज के करेली में शनिवार की दोपहर एक मतदान स्थल पर सहायक पुलिस आयुक्त पुष्कर वर्मा के साथ नोंकझोंक के बाद हिरासत में लिए गए पूर्व सांसद और सपा के वरिष्ठ नेता रेवती रमण सिंह को पुलिस ने शाम को रिहा कर दिया।

इलाहाबाद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी उज्जवल रमण सिंह के पिता रेवती रमण सिंह को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद सपा और कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता थाने के बाहर एकत्रित हो गए थे।

शहर कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप अंशुमन ने बताया, ‘‘मतदान समाप्त होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने रेवती रमण सिंह को थाना छोड़कर जाने को कहा लेकिन सिंह खुद को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे।’’

उन्होंने बताया की करेली थाने में इलाहाबाद सीट से कांग्रेस प्रत्याशी उज्जवल रमण सिंह भी पहुंच गए हैं और वह भी थाने में बैठ गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया की कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी कर्मियों को भी थाने के आसपास तैनात किया गया था।

शाम को आग्रह करने पर रेवती रमण और उनके बेटे उज्जवल रमण अपने समर्थकों के साथ थाने से चले गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)