देश की खबरें | पुलिस ने निकिता के परिवार के सदस्यों को सुरक्षा मुहैया करायी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फरीदाबाद पुलिस ने निकिता तोमर हत्याकांड में पीड़ित परिवार के सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराई है। यह जानकारी पुलिस के एक प्रवक्ता ने दी।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

फरीदाबाद, 29 अक्टूबर फरीदाबाद पुलिस ने निकिता तोमर हत्याकांड में पीड़ित परिवार के सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराई है। यह जानकारी पुलिस के एक प्रवक्ता ने दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि छात्रा निकिता के भाई, पिता व मां को अलग-अलग ‘गनमैन’ दिये गए हैं जो 24 घंटे तीनों की सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

यह भी पढ़े | Aman Baisla Suicide Case: कारोबारी अमन बैंसला को इंसाफ दिलाने की मांग करते हुए दिल्ली-नोएडा-दिल्ली फ्लाईवे पर जमा हुए लोग, मां ने कहा-मेरे बेटे को तीन लोगों ने ब्लैकमेल और प्रताड़ित किया.

उन्होंने बताया कि निकिता हत्या मामले में पुलिस 12 दिन के अंदर आरोपपत्र दाखिल करेगी। पुलिस का दावा है कि हत्याकांड से संबंधित सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। अब बस आरोपपत्र तैयार करके अदालत में पेश करना बाकी है।

प्रवक्ता ने बताया कि निकिता हत्या मामले के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी अजरुद्दीन को नूंह से बुधवार रात गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि अजरुद्दीन ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी तौसीफ को हथियार मुहैया कराए थे।

यह भी पढ़े | Rajasthan Government: राजस्थान सरकार का बड़ा ऐलान, स्कूल फीस में 30 से 40 फीसदी तक कटौती.

उन्होंने बताया कि निकिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी तौसीफ की दो दिन की हिरासत पूरी होने पर एसआईटी ने उसे आज अदालत में पेश किया। उन्होंने बताया कि अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

उन्होंने बताया कि वहीं बुधवार रात नूंह से गिरफ्तार किए गए आरोपी अजरुद्दीन को भी अदालत में पेश किया गया और उसे भी जेल भेजा गया। उन्होंने बताया कि अजरुद्दीन पर तौसीफ को देसी पिस्तौल उपलब्ध कराने का आरोप है। उन्होंने बताया कि तौसीफ के साथी रेहान की रिमांड कल पूरी होगी और उसे कल अदालत में पेश किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि छात्रा निकिता की बीते सोमवार एक युवक ने हत्या कर दी थी।

वहीं बल्लभगढ़ में अग्रवाल कालेज के सामने ‘वूमेंस पावर’ नामक एक एनजीओ की कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया और आरोपियों को सख्त सजा दिये जाने की मांग की। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के प्रत्येक कालेज में ‘वूमेन सेल’ का गठन करने तथा महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की भी मांग की।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता निकिता तोमर को इंसाफ दिलाने की मांग लेकर अग्रवाल कॉलेज के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि कॉलेज में कोई भी घटना होती है, तो उसका जिम्मेदार कालेज प्रशासन होगा। उन्होंने कहा कि कालेज के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरा लगने चाहिए और कॉलेज के बाहर पीसीआर होनी चाहिए।

वहीं, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने एसडीएम जितेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपकर निकिता हत्याकांड के आरोपियों को सख्त सजा दिलाए जाने की मांग की। हालांकि बीती रात पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों के टैंट वहां से हटा दिया लेकिन छात्र रातभर धरने पर बैठे रहे।

करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू, पूर्व विधायक शारदा राठौर, उमेश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने आज धरने पर पहुंचकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निकिता के हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\