देश की खबरें | पुलिस लापता छात्र को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है: कर्नाटक सरकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक सरकार ने बुधवार को राज्य विधानसभा को सूचित किया कि पिछले सप्ताह मंगलुरु से लापता हुए 17 वर्षीय लड़के का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रही है।
बेंगलुरु, पांच मार्च कर्नाटक सरकार ने बुधवार को राज्य विधानसभा को सूचित किया कि पिछले सप्ताह मंगलुरु से लापता हुए 17 वर्षीय लड़के का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रही है।
स्कूल शिक्षा मंत्री मधु बंगरप्पा ने कहा कि मामले के संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) की अध्यक्षता में सात टीम गठित की गई हैं।
मंगलुरु के फरंगीपेट के पास किडेबेट्टू निवासी, दिगंत 25 फरवरी को लापता हो गया था। वह ‘प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स (पीयूसी)’ का छात्र था।
दिगंत का अब तक पता न चल पाने को लेकर फरंगीपेटे में शनिवार को विरोध प्रदर्शन हुआ और सरकार से कार्रवाई करने का भी आग्रह किया गया।
विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए विस अध्यक्ष यू. टी. खादर ने बताया कि लापता दिगंत उनके निर्वाचन क्षेत्र का है।
उन्होंने सभी पहलुओं से जांच करने की मांग करते हुए कहा, ‘‘मामले में जांच की जा रही है, मैंने गृह मंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री से बात की है। इस मामले में क्या हो रहा है? लड़के के परिवार और स्थानीय लोग चिंतित हैं। मैं चाहता हूं कि सरकार लड़के को खोजने के लिए कर संभव प्रयास करे।’’
इसका जवाब देते हुए मंत्री बंगरप्पा ने आश्वासन दिया कि सरकार सभी पहलुओं से जांच कर रही है, लड़के के परिवार को विश्वास में लिया गया है तथा समय-समय पर उनके साथ सारी जानकारी साझा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दिगंत परीक्षा के लिए प्रवेशपत्र लेने कॉलेज गया था। कॉलेज से लौटने के बाद वह शाम करीब साढ़े सात बजे मंदिर गया था, जिसके बाद से वह लापता है।
उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस अधीक्षक के साथ लगातार संपर्क में है। ‘‘उसका मोबाइल फोन और चप्पलें 200 मीटर की दूरी पर रेलवे पटरी के पास मिलीं। इस स्थान के दो किलोमीटर के दायरे में तलाशी ली गई है। फिलहाल अब तक इस क्षेत्र या कहीं से दिगंत का पता नहीं चला है...।’’
मंत्री ने कहा कि उसके मोबाइल फोन से ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर)’ आ गया है और इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुनील कुमार ने सरकार से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने का आग्रह किया।
भाजपा विधायक उमानाथ कोटियन ने मंदिर के आसपास एक एसयूवी वाहन की संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसे वहां के सीसीटीवी कैमरों में देखा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)