विदेश की खबरें | इमरान की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करने पर पुलिस ने पीटीआई के 10 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने शनिवार को भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को निचली अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने का विरोध करने पर पीटीआई के 10 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लाहौर, पांच अगस्त पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने शनिवार को भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को निचली अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने का विरोध करने पर पीटीआई के 10 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

अदालत के फैसले के बाद इस्लामाबाद पुलिस ने पंजाब पुलिस के सहयोग से 70 वर्षीय खान को लाहौर में उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उन्हें तोशाखाना मामले में भ्रष्ट आचरण का दोषी पाया और उन्हें तीन साल कैद की सज़ा सुनाई।

मामले में आरोप लगाया गया है कि खान ने तोशाखाना से अपने पास रखे गए उपहारों का विवरण "जानबूझकर छुपाया"।

पंजाब पुलिस ने एक बयान में कहा कि उन्होंने पीटीआई के 10 कार्यकर्ताओं को खान के घर से बाहर से गिरफ्तार किया, जहां वे अपने नेता की गिरफ्तारी के विरोध में जमा हुए थे।

पुलिस ने कहा कि लाहौर के किसी अन्य इलाके और पूरे पंजाब में कहीं से भी अब तक किसी विरोध प्रदर्शन की सूचना नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, खान की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को कुछ पीटीआई समर्थक लाहौर में सड़कों पर उतरे।

सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) के कार्यकर्ता जौहर टाउन में इकट्ठा हुए और शनिवार को खान की गिरफ्तारी का जश्न मनाया।

पीएमएल-एन लाहौर के अध्यक्ष सैफ खोखर और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को मिठाइयां बांटीं।

लाहौर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी मुख्य सड़कों और इमारतों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पंजाब प्रांत में सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छावनियों की ओर जाने वाली सड़कों पर भी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

इससे पहले मई में, भ्रष्टाचार के एक मामले में इस्लामाबाद की एक अदालत के बाहर से अर्द्ध सैनिक बल रेंजर्स ने खान को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद पूरे मुल्क में प्रदर्शन हुए थे। उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 20 से ज्यादा सैन्य प्रतिष्ठानों और सरकारी इमारतों में तोड़फोड़ की थी, जिसमें लाहौर कोर कमांडर का घर, मियांवाली एयरबेस और फैसलाबाद में आईएसआई की इमारत भी शामिल थी।

भीड़ ने रावलपिंडी में सेना के मुख्यालय पर भी हमला किया था। सेना के मुख्यालय पर पहली बार हमला किया गया था। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं समेत दस हजार से ज्यादा पीटीआई के समर्थकों को गिरफ्तार किया था।

खान के खिलाफ देशभर में 140 से ज्यादा मामले दर्ज हैं और उनपर आतंकवाद, हिंसा, ईशनिंदा, भ्रष्टाचार और हत्या के आरोप हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\