देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने पुणे महानगरपालिका परिसर में शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे महानगरपालिका परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का रविवार को अनावरण किया।
पुणे, छह मार्च प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे महानगरपालिका परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का रविवार को अनावरण किया।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि यह प्रतिमा 1,850 किलोग्राम ‘गनमेटल’ से बनी है और इसकी लंबाई लगभग 9.5 फुट है।
पुणे के महापौर मुरलीधर मोहोल ने यहां महानगरपालिका मुख्यालय में मोदी का अभिवादन किया और उन्हें विशेष रूप से तैयार की गई महाराष्ट्र की पारंपरिक टोपी ‘फेटा’ भेंट की। मोदी ने नगर निकाय मुख्यालय में समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।
इससे पहले, महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, राज्य के कैबिनेट मंत्री एवं शिवसेना के वरिष्ठ नेता सुभाष देसाई, विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने यहां लोहेगांव अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया।
मोदी ने पुणे दौरे के दौरान कुल 32.2 किलोमीटर लंबी मेट्रो रेल परियोजना के 12 किलोमीटर के हिस्से का गरवारे मेट्रो स्टेशन पर उद्घाटन किया और इस स्टेशन से आनंदनगर स्टेशन तक मेट्रो की यात्रा की।
पुणे मेट्रो परियोजना की कुल लागत 11,400 करोड़ रुपये से अधिक है। प्रधानमंत्री ने 24 दिसंबर, 2016 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)