देश की खबरें | विधायक पद से इस्तीफा दे फिर उपचुनाव लड़ने वालों से चुनावी खर्च की राशि वसूलने के लिये याचिका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के पूर्व पार्षद योगेन्द्र सिंह गुड्डू ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर मांग की है कि प्रदेश के उन 25 पूर्व विधायकों से उपचुनाव में खर्च होने वाली राशि वसूली जाये, जिनके इस्तीफा देने से तीन नवंबर को इन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं।
जबलपुर (मध्यप्रदेश), नौ अक्टूबर कांग्रेस के पूर्व पार्षद योगेन्द्र सिंह गुड्डू ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर मांग की है कि प्रदेश के उन 25 पूर्व विधायकों से उपचुनाव में खर्च होने वाली राशि वसूली जाये, जिनके इस्तीफा देने से तीन नवंबर को इन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं।
गुड्डू ने अपनी याचिका में कहा है कि इस साल मार्च से लेकर अब तक कांग्रेस के 25 विधायकों ने पार्टी एवं विधायक पद से इस्तीफा दिया और बाद में भाजपा में शामिल हो गये थे। ये सभी अब भाजपा की टिकट पर उसी सीट से उपचुनाव में मैदान में उतर रहे हैं, जिससे उन्होंने इस्तीफा दिया था।
यह भी पढ़े | RSS चीफ मोहन भागवत ने कहा-दुनिया में सबसे ज्यादा संतुष्ट भारत के मुसलमान.
उन्होंने कहा कि इसलिए उपचुनाव में खर्च होने वाली राशि उक्त प्रत्याशियों से ही वसूल की जाये। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता परमानंद साहू ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है।
साहू ने बताया कि मामले में कहा गया कि एक विधानसभा क्षेत्र में चुनाव आयोग करीब एक करोड़ रुपये की राशि खर्च करता है तो उपचुनाव में 25 करोड़ की राशि पुन: खर्च होगी। इसलिये चुनाव आयोग इस्तीफा देने वाले विधायकों से ही चुनाव में खर्च होने वाली राशि की वसूली करे।
यह भी पढ़े | Fodder Scam: चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव को मिली जमानत, फिलहाल जेल में ही रहेंगे.
मध्यप्रदेश में तीन नवंबर को 28 सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इनमें से 25 सीटें कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देकर भाजपा में आने से खाली हुई हैं, जबकि दो सीटें कांग्रेस के विधायकों के निधन से और एक सीट भाजपा विधायक के निधन से रिक्त हई है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के 22 विधायकों के त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण प्रदेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ गई थी, जिसके कारण कमलनाथ ने 20 मार्च को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। फिर 23 मार्च को शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार बनी। इसके बाद कांग्रेस के तीन और विधायक भी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे।
प्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों में से वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 88, चार निर्दलीय, दो बसपा एवं एक सपा का विधायक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)