देश की खबरें | बेंगलुरु में बोम्मई की तस्वीर वाले ‘पेसीएम’ पोस्टर लगाए गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेंगलुरु के कुछ हिस्सों में बुधवार को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की तस्वीर वाले ऐसे पोस्टर लगाए गए, जिन पर ‘पेसीएम’ लिखा हुआ था।
बेंगलुरु, 21 सितंबर बेंगलुरु के कुछ हिस्सों में बुधवार को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की तस्वीर वाले ऐसे पोस्टर लगाए गए, जिन पर ‘पेसीएम’ लिखा हुआ था।
ये पोस्टर ऑनलाइन भुगतान ऐप पेटीएम से मिलते-जुलते थे।
पोस्टर में बने क्यूआर कोड के बीच में बोम्मई की तस्वीर लगाते हुए लिखा गया था, “40 फीसदी यहां लिया जाता है।”
यह घटनाक्रम कांग्रेस द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे एक आक्रामक अभियान के बीच हुआ है। पार्टी ने राज्य सरकार पर सार्वजनिक ठेके देने और सरकारी पदों पर भर्ती करने में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
ठेकेदारों के संगठन ने हाल में आरोप लगाया था कि ठेकेदारों को लोक निर्माण से जुड़े ठेके हासिल करने के लिए 40 प्रतिशत कमीशन देना होता है। सरकार ने इस आरोप को पूरी तरह खारिज कर दिया।
अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही शहर से संबंधित पोस्टर हटा दिए गए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की करतूत है।
भाजपा के राज्य मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी करुणाकर खसले ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘निस्संदेह यह कांग्रेस की करतूत है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई जांच का आदेश दे चुके हैं और इस शरारत में शामिल लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किये गये हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)