कोलकाता, 12 जून पश्चिम बंगाल के हिंसा प्रभावित हावड़ा जिले में रविवार सुबह स्थिति शांतिपूर्ण रही। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
जिले के हिंसा प्रभावित इलाकों में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगायी गई है और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गयी हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबित प्रवक्ताओं- नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल- की ओर से पैगंबर मोहम्मद के बारे में की गयी विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को नमाज के बाद बंगाल के हावड़ा समेत देश के कई इलाकों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे।
पुलिस के मुताबिक मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा, रेजिनगर और शक्तिपुर पुलिस थाना क्षेत्रों में भी स्थिति शांतिपूर्ण है, जहां हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
हिंसक घटनाओं में कथित संलिप्तता के आरोप में दोनों जिलों में 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शनिवार रात उलुबेरिया, पंचला, जगतबल्लवपुर और धूलागढ़ सहित हावड़ा जिले के कई इलाकों में रूट फ्लैग मार्च किया। इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षाबलों की बड़ी टुकड़ियों को तैनात किया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को फोन पर बताया, "मौजूदा समय में स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण है, क्योंकि हावड़ा और मुर्शिदाबाद जिलों में किसी भी प्रकार की ताजा घटना की कोई रिपोर्ट नहीं है। अब तक कुल 100 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मी पूरी तरह से सतर्क हैं और अशांति पैदा करने के किसी भी प्रयास से दृढ़ता से निपटा जाएगा।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY