खेल की खबरें | भारत में दो विश्व कप खेलने के लिये वीजा के संबंध में बीसीसीआई से लिखित आश्वासन चाहता है पीसीबी

कराची, 24 जून पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी से कहा है कि वह बीसीसीआई से लिखित आश्वासन ले कि उसकी टीम को भारत में 2021 टी20 विश्व कप और 2023 में होने वाले 50 ओवर के विश्व कप में खेलने के लिये वीजा हासिल करने में किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने ‘यूट्यूब क्रिकेट बाज’ चैनल को दिये एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम इस तथ्य को भी देख रहे हैं कि भारत में 2021 और 2023 में आईसीसी विश्व कप की मेजबानी की जानी है और हमने पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से कहा है कि हमें बीसीसीआई से लिखित आश्वासन दिलाये कि हमें वीजा हासिल करने में और भारत में खेलने की मंजूरी के संबंध में किसी समस्या का सामना नहीं करना होगा। ’’

यह भी पढ़े | 24 जून का इतिहास: भारतीय क्रिकेट टीम ने बनाया न्यूनतम स्कोर का रिकार्ड, जानें इस तारीख से जुड़ीं अन्य ऐतिहासिक घटनाएं.

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार पीसीबी ने आईसीसी से कहा है कि वह बीसीसीआई को कहे कि वह अगले कुछ महीनों में अपनी सरकार से आश्वासन हासिल कर ले।

अधिकारी ने यह भी पुष्टि की कि आईसीसी कार्यकारी बोर्ड अपनी अगली बैठक में फैसला करेगा कि अगले विश्व टी20 कप की मेजबानी आस्ट्रेलिया द्वारा की जायेगी या भारत द्वारा।

यह भी पढ़े | इंग्लैंड दौरे से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, क्रिकेटर मोहम्मद हफीज, वहाब रियाज समेत 7 और खिलाड़ी पाए गए कोरोना पॉजिटिव.

खान ने कहा कि इस साल आस्ट्रेलिया में विश्व टी20 आयोजित करने की संभावना नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब सबसे बड़ा सवाल है कि जब 2021 में विश्व टी20 कप आयोजित किया जायेगा तो इसकी मेजबानी आस्ट्रेलिया द्वारा की जायेगी या फिर भारत इसकी मेजबानी करेगा क्योंकि भारत के पास पहले ही 2021 में विश्व टी20 कप के मेजबानी के अधिकार हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)