नयी दिल्ली, सात अगस्त पेटीएम ब्रांड के तहत सेवाएं देने वाली वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस के शेयर में सोमवार को करीब सात प्रतिशत का उछाल आया।
कंपनी के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा के एंटफिन (नीदरलैंड) होल्डिंग बीवी से पेटीएम में 10.30 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने की घोषणा के बाद कंपनी का शेयर चढ़ गया। यह सौदा नकदी रहित होगा।
बीएसई में कंपनी का शेयर 6.95 प्रतिशत बढ़कर 850.75 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 11.57 प्रतिशत बढ़कर 887.55 रुपये तक पहुंच गया था।
एनएसई में कंपनी का शेयर 6.82 प्रतिशत के उछाल के साथ 851 रुपये के भाव पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 11.43 प्रतिशत बढ़कर 887.70 रुपये पहुंच गया था।
सौदे के अनुसार, शर्मा अपनी 100 प्रतिशत स्वामित्व वाली विदेशी इकाई रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी के जरिये एंटफिन से पेटीएम में 10.3 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेंगे।
शेयर बाजार को दी जानकारी के अनुसार, ‘‘ इस अधिग्रहण के लिए कोई नकद भुगतान नहीं किया जाएगा और न ही शर्मा द्वारा सीधे या अन्यथा कोई गारंटी दी जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY