देश की खबरें | पटनायक ने माली से अपहृत ओडिशा के युवक की शीघ्र रिहाई के लिए जयशंकर से मदद मांगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक ने पश्चिम अफ्रीकी देश माली में चरमपंथियों द्वारा कथित रूप से अपहृत ओडिशा निवासी पी. वेंकटरमन की शीघ्र और सुरक्षित रिहाई के लिए शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने की मांग की।
भुवनेश्वर/ब्रह्मपुर, पांच जुलाई बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक ने पश्चिम अफ्रीकी देश माली में चरमपंथियों द्वारा कथित रूप से अपहृत ओडिशा निवासी पी. वेंकटरमन की शीघ्र और सुरक्षित रिहाई के लिए शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने की मांग की।
पटनायक ने वेंकटरमन (28) की मां द्वारा गंजाम जिले के हिंजिली के एक स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद जयशंकर से इस मामले में हस्तक्षेप किये जाने की मांग की।
वेंकटरमन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। बीजद प्रमुख इस सीट से वर्ष 2000 से लगातार छह बार निर्वाचित हुए हैं।
पटनायक ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह जानकर चिंता हुई कि गंजाम जिले के हिंजिलिकट ब्लॉक के पी. वेंकटरमन को अफ्रीकी देश माली में चरमपंथियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। तब से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे उनका परिवार गहरी चिंता में है। विदेश मंत्री एस जयशंकर से अनुरोध है कि वह व्यक्तिगत रूप से मामले में हस्तक्षेप करें और उपकी शीघ्र और सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करें।’’
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब प्रकाश में आई, जब वेंकटरमन की मां पी. नरसमा ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने बेटे से संपर्क नहीं कर पा रही हैं, जो माली में एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करता है।
नरसमा ने कहा, ‘‘मैं अपने बेटे को लेकर बहुत चिंतित हूं। मैंने सरकार से उसकी (बेटे की) सुरक्षित रिहाई का अनुरोध किया है।’’
नयी दिल्ली में ओडिशा के प्रधान स्थानीय आयुक्त विशाल गगन ने फोन पर ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘हम इस घटना के बारे में विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ निकटता से समन्वय कर रहे हैं और उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)