देश की खबरें | बंगाल में पंचायत चुनाव आठ जुलाई को होंगे

कोलकाता, आठ जून पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आठ जुलाई को होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजीव सिन्हा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

ग्राम सभाओं के लिए चुनाव एक ही दिन में होंगे और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 जून होगी।

सिन्हा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया, “पंचायत चुनाव आठ जुलाई को होंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 जून है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 20 जून है।”

एक सवाल के जवाब में अधिकारी ने बताया कि मतों की गिनती 11 जुलाई को होगी।

त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रणाली में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद शामिल हैं।

सिन्हा, हालांकि, इस सवाल का सीधा जवाब देने से बचते रहे कि क्या चुनाव केंद्रीय बलों की निगरानी में होंगे, जैसा कि विपक्षी दलों ने मांग की थी।

पंचायत चुनाव को इस बात का संकेतक माना जाता है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य किस तरह से मतदान करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)