देश की खबरें | हजारों जख्म देकर भारत को लहूलूहान करने का प्रयास कर रहा पाकिस्तान : राजनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान ‘हजारों जख्म देकर भारत को लहूलूहान करने’ के अपने रवैये से जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की लगातार कोशिश कर रहा है। साथ ही, उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि यदि भारत की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया तो इसका करारा जवाब दिया जाएगा।

श्रीनगर, 16 जून रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान ‘हजारों जख्म देकर भारत को लहूलूहान करने’ के अपने रवैये से जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की लगातार कोशिश कर रहा है। साथ ही, उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि यदि भारत की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया तो इसका करारा जवाब दिया जाएगा।

सिंह ने बारामूला जिले में सुरक्षा बलों को सम्बोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारे पड़ोसी (पाकिस्तान) ने हमेशा भारत-विरोधी गतिविधियों का सहारा लिया है। राज्य में पहले भी आतंकी गतिविधियां देखी गई हैं। पाकिस्तान हजार जख्म देकर भारत को लहूलूहान करने के अपने रवैये से देश में शांति भंग करने की कोशिश कर रहा है।’’

रक्षा मंत्री केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए दो-दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे हैं।

सिंह ने हालांकि, राष्ट्र को आश्वस्त किया कि अगर कभी भी देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, तो सशस्त्र बल इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।

सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हाल में सशस्त्र बलों, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अथक प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गयी है।

सिंह ने कहा, “हमारे सुरक्षा बल इस देश के लिए एक ऐसा सुरक्षा कवच हैं जिसे जो भी इसे तोड़ने की कोशिश करता है, वह अपना ही खून बहाता है। देश को हमारे सुरक्षा बलों पर बहुत भरोसा है, जो किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।’’

रक्षा मंत्री ने अग्रिम इलाकों का भी दौरा किया और सीमा पर सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।

रक्षा मंत्री के साथ थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे, उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल एएस औजला और 19 इन्फैंट्री डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल अजय चांदपुरिया भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\