देश की खबरें | पाकिस्तान ने भारत के 215 सिख तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया : पाक उच्चायोग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान उच्चायोग ने मंगलवार को बताया कि भारत के 215 सिख तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया गया है ताकि वे गुरु अर्जन देव के ‘शहीदी दिवस’ पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले सकें।
नयी दिल्ली, छह जून पाकिस्तान उच्चायोग ने मंगलवार को बताया कि भारत के 215 सिख तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया गया है ताकि वे गुरु अर्जन देव के ‘शहीदी दिवस’ पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले सकें।
द्विपक्षीय प्रोटोकाल के प्रावधानों के तहत हर साल भारत के सिख और हिंदू तीर्थयात्री पाकिस्तान के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जाते हैं। प्रोटोकॉल के तहत पाकिस्तानी श्रद्धालु भी हर साल भारत आते हैं।
पाकिस्तान उच्चायोग ने कहा, ‘‘उच्चायोग ने भारत के 215 सिख श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया है ताकि वे गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आठ से 17 जून के बीच आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले सकें।’’
उच्चायोग ने कहा कि ये वीजा वर्ष 1974 में एक दूसरे देशों में मौजूद तीर्थस्थलों की यात्रा के लिए तय द्विपक्षीय प्रोटोकॉल के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता के तहत जारी किए गए हैं।
उच्चायोग ने बयान में कहा, ‘‘इस अवसर पर उच्चायोग प्रभारी सलमान शरीफ ने तीर्थयात्रियों को यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान तीर्थस्थलों की पवित्रता को बनाए रखने और वहां जा रहे तीर्थयात्रियों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने को लेकर प्रतिबद्ध है।’’
बयान में कहा गया, ‘‘तीर्थयात्री पाकिस्तान प्रवास के दौरान गुरुद्वारा पंजा साहिब, गुरुद्वारा ननकाना साहिब और गुरुद्वारा करतारपुर साहिब सहित कई पवित्र स्थानों पर मत्था टेकेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)