देश की खबरें | पाक सैनिकों ने जम्मू कश्मीर के चार जिलों में नियंत्रण रेखा, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गोलीबारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर के चार सीमावर्ती जिलों के कई सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की, जिसके बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने इसका ‘माकूल जवाब’ दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जम्मू, 30 अप्रैल पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू कश्मीर के चार सीमावर्ती जिलों के कई सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की, जिसके बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने इसका ‘माकूल जवाब’ दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास परगवाल सेक्टर और राजौरी जिले के सुंदरबनी एवं नौशेरा सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की सूचना मिली।
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बीच लगातार छठी रात पाकिस्तान ने एलओसी पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
जम्मू में एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘29 और 30 अप्रैल की रात को पाकिस्तानी सैन्य चौकियों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टर के सामने स्थित नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी।’’
प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने इसका माकूल जवाब दिया।
कश्मीर घाटी में बारामूला और कुपवाड़ा जिलों में नियंत्रण रेखा के पास तथा परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी चौकियों से भी बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की ऐसी ही घटनाएं सामने आईं।
पहले कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में गोलीबारी शुरू हुई और फिर पुंछ और अखनूर सेक्टर में गोलीबारी की गई। इसके बाद राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में भी गोलीबारी की घटनाएं हुईं, जिसके बाद जम्मू के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी हुई।
पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों के मारे जाने की घटना के बाद 24 अप्रैल की रात से भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने के बाद से पाकिस्तानी सैनिक कश्मीर घाटी से लेकर जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के साथ विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं।
भारत और पाकिस्तान फरवरी 2021 में नए सिरे से संघर्षविराम पर सहमत हुए थे, जब दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने 2003 के संघर्ष विराम समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की थी।
पाकिस्तान के साथ भारत 3,323 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है, जिसमें गुजरात से जम्मू के अखनूर तक लगभग 2,400 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी), जम्मू से लेह तक 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (एलओसी) और सियाचिन क्षेत्र में 110 किलोमीटर लंबी वास्तविक ग्राउंड पोजिशन लाइन (एजीपीएल) शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)