देश की खबरें | पहलगाम आतंकी हमला : परिवार के साथ छुट्टी मनाने गए बुजुर्ग केरलवासी की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के एडपल्ली निवासी रामचंद्रन का पर्यटन के प्रति प्रेम मंगलवार को तब दुखांत में बदल गया जब कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। वह आतंकवादी हमले में मारे गए 26 पर्यटकों में शामिल हैं।

कोच्चि (केरल), 23 अप्रैल केरल के एडपल्ली निवासी रामचंद्रन का पर्यटन के प्रति प्रेम मंगलवार को तब दुखांत में बदल गया जब कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। वह आतंकवादी हमले में मारे गए 26 पर्यटकों में शामिल हैं।

रामचंद्रन पर हमला उनकी बेटी के सामने हुआ, जो अपने माता-पिता से मिलने दुबई से आई थी।

रामचंद्रन (65) अपनी पत्नी, बेटी और नाती-नातिनों के साथ छुट्टियां मनाने कश्मीर गए थे।

पारिवारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि उनकी बेटी के सामने ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के कार्यालय ने मंगलवार देर रात आतंकवादी हमले में रामचंद्रन की मौत की पुष्टि की, लेकिन अधिक जानकारी नहीं दी।

आज सुबह एडपल्ली स्थित रामचंद्रन के घर पहुंचे उनके मित्रों एवं परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे स्तब्ध हैं और उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि रामचंद्रन नहीं रहे।

कई वर्षों तक संयुक्त अरब अमीरात में काम करने के बाद रामचंद्रन कुछ वर्ष पहले अपनी पत्नी शीला के साथ कोच्चि लौट आए थे।

रामचंद्रन की बेटी के हवाले से एक पारिवारिक मित्र ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने आतंकवादियों को सैन्यकर्मी समझ लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों ने अचानक अपनी बंदूकें निकालीं और उनके नाम पूछे। फिर उन्होंने रामचंद्रन से कलमा पढ़ने को कहा। जब उसने कहा कि वह मुसलमान नहीं है, तो उन्होंने अगले ही पल उन्हें गोली मार दी।’’

दोस्त ने बताया कि बंदूक उसकी बेटी पर भी तान दी गई थी, लेकिन वह बच्चों के साथ भागने में सफल रही। उसने कहा, ‘‘बच्चे रो रहे थे। जब आतंकवादियों का ध्यान उन पर गया, तो वह भागने में सफल रही।’’

अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश करती एक महिला रिश्तेदार ने बताया कि वृद्ध दंपति अपनी बेटी और नाती-नातिनों के साथ कश्मीर गया था, जो दुबई से छुट्टियां मनाने यहां आए थे।

उन्होंने एडपल्ली में रामचंद्रन के घर मीडिया से कहा, ‘‘दोनों को यात्रा करना बहुत पसंद था। कश्मीर जाने से एक दिन पहले शीला ने मुझे फोन किया और अपनी यात्रा के बारे में बताया। वे सभी बहुत खुश थे।’’

उन्होंने कहा कि वह अब भी सदमे में हैं और रामचंद्रन की दुखद मौत के बारे में सोचकर कांप उठती हैं।

रामचंद्रन के पड़ोसी शिवशंकरन नायर ने बताया कि परिवार के कश्मीर जाने से ठीक पहले भी उन दोनों के बीच आपस में बात हुई थी।

नायर ने कहा, ‘‘मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि (दोस्ती की) उनकी यात्रा इस तरह खत्म होगी। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा है। वह मेरे अच्छे दोस्त थे।’’

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रामचंद्रन की एक बेटी और एक बेटा है। खबर सुनने के बाद उनका बेटा पहले ही कश्मीर के लिए रवाना हो चुका है।

रामचंद्रन के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार पार्थिव शरीर बुधवार शाम साढ़े सात और आठ बजे के बीच कोच्चि लाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई सभी विवरणों पर नजर रख रही है और परिवार के सदस्यों के साथ समन्वय कर रही है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि गैर-निवासी केरलवासियों के मामलों के विभाग (नोरका) की क्षेत्रीय एजेंसी ‘नोरका रूट्स’ ने आतंकी हमले के मद्देनजर केरलवासियों को सहायता, सेवाएं और जानकारी प्रदान करने के लिए एक सहायता डेस्क शुरू की है।

इस बीच, कश्मीर में आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बने विधायक एवं अभिनेता मुकेश ने कहा कि उनका समूह रामचंद्रन की बेटी से संपर्क करने में कामयाब रहा।

उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी को अभी तक पति की मौत के बारे में पता नहीं है।

मुकेश ने एक टीवी चैनल से फोन पर कहा, ‘‘रामचंद्रन की बेटी सबकुछ संभाल रही हैं। हमें बताया गया कि उनकी पत्नी को अभी तक इस त्रासदी के बारे में नहीं बताया गया है। वह कमजोर हैं। बेटी को अपने पिता की अप्रत्याशित मौत के दुख के साथ-साथ इन्हें भी संभालना है।’’

विधायक ने कहा कि जब रिश्तेदारों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घटना के बारे में बताया तो उनका दुख देखकर दिल दहल गया।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रामचंद्रन का पार्थिव शरीर शाम 7.30 बजे नेदुंबसेरी हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है और उसे शवगृह में रखा जाएगा।

पार्थिव शरीर को शुक्रवार को चंगमपुझा पार्क में सार्वजनिक श्रद्धांजलि के लिए रखा जाएगा और बाद में अंतिम संस्कार के लिए उनके निवास पर ले जाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार एडापल्ली में किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\