देश की खबरें | संसद के मॉनसून सत्र में बाधा के लिए ओवैसी ने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसद के मॉनसून सत्र में लगातार सदन की कार्यवाही स्थगित किए जाने पर एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को इसके लिए नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि संसद के कामकाज नहीं करने के लिए वह पूरी तरह जिम्मेदार है।

हैदराबाद, एक अगस्त संसद के मॉनसून सत्र में लगातार सदन की कार्यवाही स्थगित किए जाने पर एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को इसके लिए नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि संसद के कामकाज नहीं करने के लिए वह पूरी तरह जिम्मेदार है।

हैदराबाद के सांसद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी दल पेगासस मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं और कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान लोगों की मौत, किसानों का आंदोलन जैसे मुद्दे उठाना चाहते हैं, लेकिन सरकार सुनने और जवाब देने के लिए तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘संसद चलाने की जिम्मेदारी सरकार की है। पेगासस पर चर्चा होने दीजिए। सरकार क्यों डर रही है? वे क्या छिपाना चाहते हैं?’’

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुसलिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख ने कहा, ‘‘विपक्ष चाहता है कि संसद चले लेकिन आप (सरकार) इसे चलाना नहीं चाहते हैं। आप शोरगुल के बीच विधेयक पारित करवाना चाहते हैं। क्या यह लोकतंत्र है?’’

उन्होंने आरोप लगाए, ‘‘क्या संसद चलाने की जिम्मेदारी सरकार की नहीं है। विपक्ष अपनी बात रखेगा। आप सुनिए...इसे स्वीकार कीजिए अथवा नहीं। हमें बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है...अगर संसद नहीं चल रही है तो इसके लिए पूरी तरह मोदी सरकार जिम्मेदार है।’’

संसद का मॉनसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होने के बाद कुछ विधेयकों को छोड़कर लोकसभा एवं राज्यसभा में कोई महत्वपूर्ण काम नहीं हुआ है। विपक्षी दल पेगासस और किसानों के मुद्दे को लेकर विरोध कर रहे हैं। संसद का सत्र 13 अगस्त तक चलना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\