देश की खबरें | आपदा कार्यों की समीक्षा के लिए उत्तरकाशी पहुंचे मंत्री का विरोध

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आपदा कार्यों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को उत्तरकाशी पहुंचे उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को जगह- जगह लोगों का भारी विरोध झेलना पड़ा।

उत्तरकाशी (उत्तराखंड), 21 जुलाई आपदा कार्यों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को उत्तरकाशी पहुंचे उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को जगह- जगह लोगों का भारी विरोध झेलना पड़ा।

उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में पहुंचे अग्रवाल को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नेहरू पवर्तारोहण संस्थान (निम) के नजदीक सड़क पर उनके विरोध में जमकर नारेबाजी कर काले झंडे दिखाए। इसके अलावा, समस्याएं लेकर मंत्री से मिलने पहुंची ग्रामीण महिलाओं ने भी उनके खिलाफ नारे लगाए।

जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ निम में आपदा कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद बाहर निकलने पर सड़क पर खड़े कांग्रेस कार्यकर्ताआं ने मंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाए और विरोध में नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य सरकार पर अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित तौर पर गंभीर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मंत्री का विरोध कर रहे थे ।

इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को उन्हें समझाने के लिए गाड़ी से उतर कर बाहर आना पड़ा। नारेबाजी के बीच पुलिस के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं काफी धक्का मुक्की भी हुई ।

इस दौरान सड़क पर ग्रामीण महिलाएं अपनी समस्याओं को लेकर खड़ी थीं, लेकिन मंत्री बगैर रुके निकल गए। इससे महिलाओं में आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने भी मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल में अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों को अपने प्रभार वाले जिलों का दौरा करने तथा वहां भारी बारिश के कारण आपदा जैसे हालात में संचालित हो रहे बचाव और राहत कार्यों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए थे।

अग्रवाल मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुपालन में उत्तरकाशी पहुंचे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\