बरेली (उत्तर प्रदेश), 17 अक्टूबर केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की होड़ से बाहर बताते हुए सोमवार को दावा किया है कि नरेन्द्र मोदी अगले चुनाव के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे।
अनुप्रिया ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा ''प्रधानमंत्री पद के लिये कोई वैकेंसी नहीं है। यह पद सिर्फ नरेन्द्र मोदी के लिये है। विपक्ष पहले ही 2024 की रेस से बाहर हो चुका है।''
उन्होंने एक सवाल पर कहा ''हमारी पार्टी अपना दल—सोनेलाल ने भाजपा के साथ मिलकर चार चुनाव लड़े हैं और सभी में उसे अच्छे नतीजे मिले हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं और विपक्ष होड़ से बाहर है। हम केन्द्र में एक बार फिर सरकार बनाने जा रहे हैं।''
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निकट भविष्य में होने वाले नगरीय निकायों के चुनाव के लिये उनकी पार्टी अपने स्तर से तैयारी कर रही है।
अनुप्रिया ने कहा कि पिछड़े समुदाय को न्याय दिलाने के लिये अलग से एक मंत्रालय गठित किया जाना चाहिये।
राज्यमंत्री ने कहा कि न्यायालयों में मुकदमों का बेतहाशा भार है और अदालतों में न्यायाधीशों की कमी है। उन्होंने कहा ''न्यायिक सेवाओं में भर्ती के लिये एक अलग से परीक्षा आयोग गठित किया जाना चाहिये।''
उन्होंने कहा कि अब देश के सभी जिलों को निर्यात हब बनाया जाएगा और 'एक जिला, एक उत्पाद' योजना के तहत उत्पादित चीजों को पूरी दुनिया के बाजारों में भेजा जा सकेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY