नयी दिल्ली, 19 फरवरी उत्तरी दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके में कथित तौर पर गोकशी में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सात फरवरी को पुलिस को गुलाबी बाग के रोशनआरा अंडरपास के निकट गोकशी की घटना की सूचना मिली थी और पुलिस ने घटनास्थल से पशुओं के अवशेष एकत्र कर राजकीय पशु चिकित्सालय भिजवा दिए।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को दिल्ली कृषि मवेशी संरक्षण अधिनियम, भारतीय दंड संहिता और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान बाबरपुर की जनता मजदूर कॉलोनी के निवासी आफताब अहमद उर्फ लुकमान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने सहयोगियों अरकाम, सलीम, मारूफ और अल्तमस के साथ मिलकर गायों का मांस बेचने के लिए गोहत्या की घटनाओं को कई बार अंजाम दिया है।
पुलिस ने बताया कि छह और सात फरवरी की दरम्यानी रात को वह सह-आरोपियों के साथ अपनी होंडा सिटी कार से गुलाबी बाग इलाके में गया था। वह वाहन चला रहा था।
पुलिस ने बताया कि सह-अभियुक्त रास्ते में एक गाय को पकड़ कर उसे मारने के लिए गुलाबी बाग में खाली पड़े भूखंड पर ले गए।
पुलिस ने बताया कि वे दिल्ली के रोहिणी और बाहरी उत्तरी जिले में गोहत्या के मामलों में भी शामिल रहे हैं। अहमद के खिलाफ 2022 में वेलकम और शास्त्री पार्क थानों में शस्त्र अधिनियम, डकैती और झपटमारी के कई मामले दर्ज गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY