देश की खबरें | गुजरात व महाराष्ट्र में ओमीक्रोन का एक-एक मामला सामने आया, दोनों ने अफ्रीका की यात्रा की थी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के ओमीक्रोन स्वरूप के दो नए मामले सामने आए। गुजरात के 72 वर्षीय व्यक्ति जबकि महाराष्ट्र के 33 वर्षीय व्यक्ति के ओमीक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद अब तक देश में इस स्वरूप के कुल चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इससे पहले, कर्नाटक में दो व्यक्ति वायरस के इस स्वरूप से संक्रमित मिले थे।

अहमदाबाद/मुंबई, चार दिसंबर देश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के ओमीक्रोन स्वरूप के दो नए मामले सामने आए। गुजरात के 72 वर्षीय व्यक्ति जबकि महाराष्ट्र के 33 वर्षीय व्यक्ति के ओमीक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद अब तक देश में इस स्वरूप के कुल चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इससे पहले, कर्नाटक में दो व्यक्ति वायरस के इस स्वरूप से संक्रमित मिले थे।

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और मिजोरम को पत्र लिखकर कोविड-19 के प्रसार पर नियंत्रण के लिए ‘जांच- पता लगाना- उपचार करना- टीका लगाना- कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाने’ की नीति के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

कुछ जिलों में संक्रमण के बढ़ते मामलों, साप्ताहिक संक्रमण दर और साप्ताहिक मृत्यु के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

नए ओमीक्रोन स्वरूप को देखते हुए सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को 27 नवंबर को लिखे पत्र का जिक्र करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शनिवार को कहा कि सभी राज्यों को सलाह दी गई है कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर कड़ी नजर रखें, उभरते हॉटस्पॉट की निगरानी करें, संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों का तुरंत पता लगाएं। साथ ही सभी संक्रमित नमूने को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजने, मामलों की तुरंत पहचान करने और स्वास्थ्य ढांचे की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए भी कहा गया है।

गुजरात के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बताया कि जिम्बाब्वे से लौटा गुजरात के जामनगर शहर का 72 वर्षीय एक व्यक्ति कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित पाया गया है।

गुजरात के स्वास्थ्य आयुक्त जयप्रकाश शिवहरे ने पुष्टि की कि जामनगर शहर का संबंधित व्यक्ति कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित पाया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि यह व्यक्ति 28 नवंबर को जिम्बाब्वे से गुजरात आया था और दो दिसंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित मिला था, जिसके बाद उसका नमूना जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया था। हालांकि, संक्रमित व्यक्ति टीके की दोनों खुराक ले चुका है।

जामनगर के निगमायुक्त विजय कुमार खराडी ने कहा था कि नमूना जीनोम अनुक्रमण के लिए अहमदाबाद भेजा गया था ताकि यह पता लगाया जा सके कि व्यक्ति ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित है या नहीं।

उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति पिछले कई साल से जिम्बाब्वे में रह रहा है और वह राज्य में अपने ससुर से मिलने आया था।

अधिकारी ने कहा कि बुखार होने के बाद डॉक्टर ने उन्हें आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने की सलाह दी और निजी प्रयोगशाला ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना दी।

खराडी ने कहा कि इसके बाद, इस व्यक्ति को गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल के पृथक वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिला अधिकारियों ने प्रोटोकॉल के अनुसार इस व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों का पता लगाना पहले ही शुरू कर दिया है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने ‘ओमीक्रोन’ को ‘‘चिंताजनक स्वरूप’’ की श्रेणी में रखा है।

केंद्र के अनुसार, ‘‘अधिक जोखिम’’ वाले देशों में ब्रिटेन सहित यूरोपीय देश और दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर, हांगकांग तथा इज़राइल शामिल हैं।

उधर, मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली नगर निकाय क्षेत्र का एक व्यक्ति कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित पाया गया है। महाराष्ट्र में इस स्वरूप के संक्रमण का यह पहला मामला है।

अधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को दिल्ली में कहा कि 33 वर्षीय यह व्यक्ति 23 नवंबर को मुंबई के लिए उड़ान भरने से पहले दुबई के रास्ते दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचा था जहां उसने कोविड जांच के लिए नमूना दिया था।

महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉक्टर अर्चना पाटिल ने मुंबई में पीटीआई- से कहा, ‘‘कल्याण डोंबिवली नगर निकाय क्षेत्र का एक व्यक्ति कोरोना वायरस के ओमीक्रॉन स्वरूप से संक्रमित पाया गया है। यह राज्य में पहला आधिकारिक मामला है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women, 2nd ODI 2026 Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम भारत महिला के बीच दूसरा वनडे? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

India vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 48th Match Live Score Update: चेन्नई में भारत बनाम जिम्बाब्वे के बीच खेला जा रहा है अहम मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

India vs Zimbabwe, 48th Match Live Toss And Scorecard: चेन्नई में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

West Indies vs South Africa, 47th Match Scorecard: अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से रौंदा, सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें WI बनाम SA मैच का स्कोरकार्ड

\