देश की खबरें | हरियाणा में डीएसपी की हत्या के मामले में एक आरोपी को जमानत मिली

नूंह (हरियाणा), 28 जुलाई नूंह की एक अदालत ने अवैध खनन की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक की हत्या के मामले में एक आरोपी को जमानत दे दी है।

आरोपी जाबिद उर्फ बिल्ला ने अपने वकील ताहिर हुसैन के जरिए बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सतीश कुमार की अदालत में अपनी जमानत याचिका दायर की थी। अदालत ने जाबिद को जमानत दे दी है।

गौरतलब है कि पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेंद्र सिंह की 19 जुलाई को एक ट्रक से कुचलकर उस समय हत्या कर दी गई थी जब उन्होंने ट्रक को रुकने का इशारा किया था। वह अरावली पर्वतीय क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ छापा मारने तावडू के निकट पचगांव गए थे।

ऐसा आरोप है कि राजस्थान के गंडवा गांव निवासी जाबिद ने मुख्य आरोपी सब्बीर उर्फ मित्तर को राजस्थान भागने में मदद की और उसे 22 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस के अनुसार, जाबिद ने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सब्बीर को राजस्थान छोड़ा था।

इस मामले में 12 आरोपियों में से 11 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी भी शामिल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)