देश की खबरें | तमिलनाडु राज्यगान विवाद पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से कहा: खुद को विभाजनकारी ताकतों से मुक्त करें

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा है कि अगर राज्यपाल आर.एन. रवि पद पर बने रहना चाहते हैं तो उन्हें खुद को विभाजनकारी ताकतों से मुक्त कर लेना चाहिए और संवैधानिक मानदंडों के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

चेन्नई, 19 अक्टूबर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा है कि अगर राज्यपाल आर.एन. रवि पद पर बने रहना चाहते हैं तो उन्हें खुद को विभाजनकारी ताकतों से मुक्त कर लेना चाहिए और संवैधानिक मानदंडों के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

स्टालिन ने राज्यपाल पर द्रविड़ जाति की खराब छवि पेश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजभवन को किसी राजनीतिक पार्टी के कार्यालय के रूप में तब्दील करने से बचा जाना चाहिए।

राज्यपाल द्वारा शुक्रवार को एक कार्यक्रम में तमिलनाडु के राज्यगान की एक पंक्ति छोड़े जाने को लेकर रवि और स्टालिन के बीच तीखी बहस हुई थी। मुख्यमंत्री ने इस पर आपत्ति जताते हुए पूछा कि जब राज्यपाल के सामने तमिल गान की एक पंक्ति छोड़ दी गई तो उन्होंने तुरंत इसकी निंदा क्यों नहीं की।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से पूछा, ‘‘आप कहते हैं कि आप ‘तमिल थाई वल्थु’ को पूरी श्रद्धा के साथ गाते हैं, लेकिन जब गायकों ने द्रविड़ से संबंधित एक पंक्ति को छोड़ दिया तो आपने तुरंत इसकी निंदा क्यों नहीं की?’’

दूरदर्शन के तमिल कार्यालय में हिंदी माह के समापन पर शुक्रवार को आयोजित एक समारोह में जब एक समूह ‘तमिल थाई वल्थु’ गान प्रस्तुत कर रहा था तो समूह में शामिल लोग अनजाने में इसकी एक पंक्ति गाना भूल गए थे। इस समारोह में राज्यपाल भी शामिल हुए थे।

दूरदर्शन केंद्र ने हालांकि, स्पष्टीकरण देते हुए माफी मांग ली थी।

तमिल के राज्यगान की अनजाने में छुटी पंक्ति ‘‘थेक्कनमम अधिल सिरंथा द्रविड़ नाल थिरु नादुम’’ है जो दक्कन में द्रविड़ भूमि की महानता को संदर्भित करती है।

स्टालिन ने इस मुद्दे पर राज्यपाल के जवाब पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘आपने कहा था कि दुर्भाग्यवश एक मुख्यमंत्री द्वारा राज्यपाल के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर नस्लवादी टिप्पणी करना घटिया बात है, लेकिन राज्यपाल महोदय, तमिल हमारी जाति है, हमारे जीवन का आधार है।’’

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तमिलों ने ही तमिल के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और इसी धरती ने प्रथम संविधान संशोधन की नींव भी रखी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\