देश की खबरें | ओडिशा: ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मतदान आरंभ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार को मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, 31 मई ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार को मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने आज यहां बताया कि कई मतदाता सुबह से ही कतारों में खड़े हो गए ताकि वे बाद में बढ़ती गर्मी एवं उमस में मतदान करने से बच सकें।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया था और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मतदान ईवीएम के जरिए हो रहा है।
इस उपचुनाव के लिए 279 मतदान केंद्रों पर 2.14 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। बीजू जनता दल (बीजद) के नेता एवं विधायक किशोर मोहंती का पिछले साल दिसंबर में निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना अनिवार्य हो गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस के कम से कम 1,000 कर्मियों और केंद्रीय अर्द्धसैन्य बल की तीन कंपनी को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि 60 मतदान केंद्रों को ‘‘संवेदनशील’’ चिह्नित किया गया है और वहां अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
चुनावी मैदान में 11 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे है। इस उपचुनाव में बीजू जनता दल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।
बीजद ने ब्रजराजनगर सीट से अलका मोहंती को खड़ा किया है। भाजपा ने पूर्व विधायक राधा रानी पांडा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष किशोर पटेल को टिकट दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)