देश की खबरें | ओडिशा : सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 100 रुपये में मिल रहा है तीन किलोग्राम आलू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राज्य भर में खुदरा दुकानों पर 100 रुपये में तीन किलोग्राम की दर से आलू बेचना शुरू कर दिया है।

भुवनेश्वर, 11 अगस्त ओडिशा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राज्य भर में खुदरा दुकानों पर 100 रुपये में तीन किलोग्राम की दर से आलू बेचना शुरू कर दिया है।

राज्य के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री के सी पात्रा ने रविवार को कहा कि नैफेड (भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड) के माध्यम से राज्य के विभिन्न स्थानों पर आलू भेजे गए हैं।

पात्रा ने कहा कि सरकारी खुदरा दुकानों ने रसोई की आवश्यक सामग्री आलू को 100 रुपये में तीन किलोग्राम की दर से बेचना शुरू कर दिया है।

मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार के इस कदम के बाद व्यापारियों ने भी आलू को बाजार में उतारना शुरू कर दिया है। मुझे उम्मीद है कि व्यापारी भी उचित दाम पर आलू बेचना शुरू कर देंगे।’’

पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल द्वारा आलू की आपूर्ति रोक दिए जाने तथा राज्य के व्यापारियों द्वारा उत्तर प्रदेश से आलू खरीदने से इनकार करने के बाद ओडिशा में आलू का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

पात्रा ने कहा कि आलू सीधे उत्तर प्रदेश से मंगाया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस संबंध में रेल मंत्री से बात की है। अब ओडिशा को अपनी खपत के लिए पर्याप्त आलू मिल सकेगा...। ’’

इस बीच, ओडिशा के मुख्य नागरिक आपूर्ति अधिकारी संजीव कुमार साहू ने कहा कि शनिवार को 50 से अधिक पीडीएस डीलर के बीच आलू के दो ट्रक वितरित किए गए हैं तथा रविवार को आलू से भरे और ट्रक आने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति पीडीएस की दुकान पर जाकर 100 रुपये में तीन किलोग्राम आलू खरीद सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\