देश की खबरें | ओडिशा: आदिवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी हिरासत में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के कोरापुट जिले में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कोरापुट (ओडिशा), 11 फरवरी ओडिशा के कोरापुट जिले में 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता अपने दोस्तों के साथ गांव में आयोजित ‘जात्रा’ (लोक नाटक) देखने गई थी। इसी दौरान शनिवार रात यह घटना हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि जब पीड़िता लघुशंका के लिए कार्यक्रम स्थल से बाहर गई तो चार युवकों ने उसे अगवा कर पास की एक पहाड़ी पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गए जिसके बाद पीड़िता घर पहुंची और उसने परिजनों को जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि परिवार ने सोमवार को लक्ष्मीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को रायगड़ा जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पीड़िता की चिकित्सीय जांच कोरापुट जिला मुख्यालय अस्पताल में कराई गई है।
कोरापुट के पुलिस अधीक्षक रोहित वर्मा के नेतृत्व में मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)