ताजा खबरें | ओडिशा: लोकसभा की छह और विधानसभा की 42 सीट पर 11 बजे तक 21.30 प्रतिशत मतदान

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. ओडिशा में लोकसभा की छह और विधानसभा की 42 सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब 21.30 प्रतिशत मतदान हुआ।

भुवनेश्वर, 25 मई ओडिशा में लोकसभा की छह और विधानसभा की 42 सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब 21.30 प्रतिशत मतदान हुआ।

एक अधिकारी ने बताया कि संबलपुर, क्योंझर, ढेंकनाल, कटक, भुवनेश्वर और पुरी लोकसभा सीट के साथ ही इन लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाली 42 विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।

ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हो रहे हैं।

ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एन बी ढल ने बताया कि ईवीएम में गड़बड़ी की कुछ रिपोर्ट को छोड़कर 10,581 मतदान केंद्रों पर अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह 11 बजे तक 94.48 लाख से अधिक मतदाताओं में से लगभग 21.30 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सबसे अधिक 22.41 प्रतिशत मतदान ढेंकनाल लोकसभा सीट पर हुआ। इसके बाद संबलपुर (21.89 प्रतिशत), पुरी (21.51 प्रतिशत), क्योंझर (20.89 प्रतिशत), भुवनेश्वर (20.72 प्रतिशत) और कटक (20.47 प्रतिशत) में मतदान हुआ।

ढल ने कहा कि अब तक उन्होंने 116 मतदान इकाइयों, 125 नियंत्रण इकाइयों और 256 वीवीपैट को बदला है क्योंकि मतदान शुरू होने से पहले किए गए अभ्यास के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी पाई गई थी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नयागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भापुर इलाके में एक मतदान केंद्र पर बीमार पड़ी एक बुजुर्ग महिला मतदाता की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि ढेंकनाल लोकसभा सीट में हिंडोल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक मतदान केंद्र पर एक मतदान एजेंट की मौत हो गई।

ढल ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। इस चरण में 35,000 सुरक्षा कर्मियों और 70,000 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपना वोट डालने के लिए पैदल चलकर भुवनेश्वर में अपने आवास के पास ‘एरोड्रोम अपर प्राइमरी स्कूल’ पहुंचे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम राज्य में स्थिर सरकार बनाएंगे।’’

बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता वी के पांडियन ने भी मतदान केंद्र पर ऑटो रिक्शा से पहुंचकर अपना वोट डाला।

राज्य में लोकसभा चुनाव के साथ कराए जा रहे विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 10,581 मतदान केंद्रों पर 94.48 लाख से अधिक पात्र मतदाता हैं।

इस चरण में जिन प्रमुख नेताओं की चुनावी किस्मत का फैसला होगा उनमें केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बीजू जनता दल (बीजद) के संगठनात्मक सचिव और विधायक प्रणब प्रकाश दास और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\