देश की खबरें | नन गिरफ्तारी मामला: भाजपा की केरल प्रमुख ने साय के धर्मांतरण के आरोपों को खारिज किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (परिवर्तित स्लग के साथ)

(परिवर्तित स्लग के साथ)

तिरुवनंतपुरम/नयी दिल्ली, 29 जुलाई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा राज्य में केरलवासी दो नन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को उचित ठहराये जाने के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के प्रमुख ने मंगलवार को उनके बयानों को लगभग खारिज कर दिया और कहा कि वे किसी भी मानव तस्करी या जबरन धर्मांतरण के प्रयास में लिप्त नहीं थीं।

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी नन को जेल से रिहा कराने और उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने रविवार को बताया था कि दो नन समेत तीन लोगों को छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर कथित मानव तस्करी और जबरन धर्मांतरण कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

चंद्रशेखर ने आज कहा कि भाजपा के प्रदेश महासचिव अनूप एंटनी पहले से ही छत्तीसगढ़ में हैं ताकि वहां के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मामले को स्पष्ट किया जा सके तथा जरूरत पड़ने पर वह खुद भी वहां जाएंगे।

इस बीच, कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नन से मिलने छत्तीसगढ़ पहुंचा।

चंद्रशेखर ने कहा कि वैसे तो छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जबरन धर्मांतरण एक गंभीर मुद्दा है, लेकिन इस विशेष घटना में ऐसा कुछ नहीं हुआ है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें भरोसा है कि वे (नन) उस (धर्मांतरण) के लिए वहां नहीं गईं।’’

साय ने सोमवार को ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘नारायणपुर की तीन बेटियों को नर्सिंग का प्रशिक्षण दिलाने और उसके पश्चात नौकरी दिलाने का वादा किया गया था।’’

उन्होंने कहा कि दरअसल प्रलोभन देकर मानव तस्करी के जरिए मतांतरण किए जाने की कोशिश की जा रही थी।’’

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की टिप्पणी को खारिज करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि यह सिर्फ एक आरोप है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि वहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह एक आरोप है। बाद में देखते हैं कि ये सब किसने और किसलिए किया है। अब हमारी शीर्ष प्राथमिकता नन को इस मामले से बचाना और उन्हें सुरक्षित घर वापस लाना है।’’

जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या भाजपा नन के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने वाले बजरंग दल के कृत्य की निंदा करती है तो उन्होंने कहा कि पार्टी किसी के भी अनुचित कृत्य की कड़ी निंदा करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। हम नन को न्याय दिलाने के बाद ही वापस आएंगे। यही पार्टी का दृढ़ संकल्प है।’’

चंद्रशेखर ने यह भी स्पष्ट किया कि बजरंग दल एक स्वतंत्र संगठन है और भाजपा एक राजनीतिक दल है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे गलत काम करते हैं और न्याय के विरुद्ध काम करते हैं, तो उन्हें सजा मिलेगी।’’

इस मामले में कांग्रेस की आलोचना करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अन्य मुद्दों की तरह कांग्रेस इस मामले में भी अवसरवादी राजनीति करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण विरोधी कानून कांग्रेस पार्टी ने तब पारित किया था जब वह वहां सत्ता में थी।

इस बीच, भाजपा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे अनूप एंटनी ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात की । उन्होंने बाद में पत्रकारों को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इस मामले में उचित तरीके से हस्तक्षेप करेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार हस्तक्षेप करेगी।

बेन्नी बेहनन, फ्रांसिस जॉर्ज और एन. के. प्रेमचंद्रन समेत यूडीएफ सांसदों ने नन की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की और कहा कि वे यहां की जेल जाकर उनसे जल्द से जल्द मिलने की कोशिश करेंगे।

बेहनन ने यहां समाचार चैनलों से कहा, ‘‘हम पहले जेल जाएंगे और नन से मिलने की कोशिश करेंगे। फिर, हम संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेंगे। हमारा उद्देश्य नन को जल्द से जल्द रिहा कराना है।’’

प्रेमचंद्रन ने आरोप लगाया कि मानव तस्करी और जबरन धर्मांतरण के आरोपों में नन की गिरफ्तारी एक सोची-समझी साजिश है।

उपमुख्यमंत्री से मुलाकात से पहले, अनूप एंटनी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें इस मामले में न्यायोचित हस्तक्षेप सुनिश्चित करने के लिए नियुक्त किया है।

भाजपा का यह कदम केरल के दो मंत्रियों-- पी राजीव और रोशी ऑगस्टीन द्वारा नन प्रीति के परिवार से मिलने के बाद आया है। प्रीति छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई ननों में से एक हैं।

कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल भी नन के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए सोमवार को उनके घर गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

GT vs MI, IPL 2026 30th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

PBKS vs LSG, IPL 2026 29th Match Scorecard: चंडीगढ़ मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों दी पटखनी, लगाया जीत का पंजा; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Will MS Dhoni Play in MI vs CSK IPL 2026 Match: मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के मुकाबले से पहले बड़ी खबर, क्या आईपीएल 2026 में वापसी करेंगे एमएस धोनी? फिटनेस को लेकर आया अपडेट

Manipur Tension: मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, उखरुल में पूर्व सैनिक समेत दो की हत्या से हालात बिगड़े; संदिग्ध उग्रवादियों पर FIR दर्ज