विख्यात अर्थशास्त्री दीपक नैयर आईडीएस बोर्ड के अध्यक्ष चुने गए

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर नैयर ब्रिटेन से बाहर के ऐसे पहले व्यक्ति हैं, जिन्हें आईडीएस बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया हो। वह प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के निदेशक बोर्ड में भी स्वतंत्र निदेशक हैं।

जमात

नयी दिल्ली, चार मई विख्यात भारतीय अर्थशास्त्री और शिक्षाविद दीपक नैयर को ब्रिटेन के ससेक्स विश्वविद्यालय के विकास अध्ययन संस्थान (आईडीएस) के न्यासी बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर नैयर ब्रिटेन से बाहर के ऐसे पहले व्यक्ति हैं, जिन्हें आईडीएस बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया हो। वह प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के निदेशक बोर्ड में भी स्वतंत्र निदेशक हैं।

आईडीएस समान और स्थायी परिवर्तन के लिए एक वैश्विक अनुसंधान और शिक्षण संगठन है। क्यूएस विश्वविद्यालय रैंकिंग की ओर से आईडीएस को विकास अध्ययन के लिए पहले स्थान पर रखा गया है।

आईडीएस की निदेशक मेलिसा लीच ने कहा, '' मैं बेहद उत्साहित हूं कि दीपक नैयर आईडीएस के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष की भूमिका में होंगे।''

नैयर का बतौर अध्यक्ष कार्यकाल चार वर्ष का होगा, जो कि एक अगस्त से शुरू होने जा रहा है। यह कार्यकाल दोबारा चार वर्ष के लिए विस्तार योग्य है।

नैयर ने कहा, '' मुझे आईडीएस के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए जाने की खुशी है। मैं एक ऐसी अग्रणी संस्था के साथ अपने जुड़ाव को लेकर उत्साहित हूं जो कि अब विकास अध्ययन के क्षेत्र की नेतृत्वकर्ता है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now

\