देश की खबरें | बड़ी परिवहन परियोजनाओं से बदल रहा है पूर्वोत्तर : हिमंत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर में ‘‘परिवहन के माध्यम से परिवर्तन’’ हो रहा है और इस क्षेत्र में नियमित रूप से शुरू की जाने वाली बड़ी परियोजनाएं इसकी गवाह हैं।
गुवाहाटी, 13 जनवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर में ‘‘परिवहन के माध्यम से परिवर्तन’’ हो रहा है और इस क्षेत्र में नियमित रूप से शुरू की जाने वाली बड़ी परियोजनाएं इसकी गवाह हैं।
शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से यदि पूर्वोत्तर में विकास कार्य वर्तमान गति से हुआ होता तो यह क्षेत्र बहुत पहले ही विकास पथ पर जा चुका होता। शर्मा गुवाहाटी के पांडु टर्मिनल में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे, जिसमें नयी दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल तरीके से भाग लिया।
समारोह के दौरान, मोदी ने गुवाहाटी में एक जलीय कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया, जो स्थानीय युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। इसे छह करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
उन्होंने गुवाहाटी में 208 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जहाज मरम्मत संयंत्र की आधारशिला भी रखी। यह कोलकाता में इसी तरह की सुविधा के विकल्प के रूप में काम करेगा, रोजगार पैदा करने के अलावा, जहाज मालिकों के लिए ईंधन और जनशक्ति लागत की बचत करेगा और स्थानीय सहायक उद्योगों को बढ़ावा देगा।
पांडु टर्मिनल को राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से जोड़ने वाली एक उन्नत सड़क की आधारशिला भी प्रधानमंत्री द्वारा रखी गई। परियोजना की लागत 180 करोड़ रुपये होगी और यह मालवाहक वाहनों की चौबीसों घंटे और सातों दिन आवाजाही की अनुमति देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज 'एमवी गंगा विलास' को हरी झंडी दिखाकर वाराणसी से रवाना किया। यह वाराणसी से ढाका के रास्ते असम के डिब्रूगढ़ तक जाएगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि 2014 में, जब केंद्र में पहली मोदी सरकार बनी थी, तब प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर के लिए "परिवहन के माध्यम से परिवर्तन" की परिकल्पना की थी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने रेलवे और राजमार्गों में प्रगति देखी है। ध्यान अब जलमार्गों पर है और हम अब इस क्षेत्र में काफी विकास देख रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में नियमित रूप से शुरू होने वाली बड़ी परियोजनाएं लोगों को आश्वस्त करती हैं कि विकास हो रहा है।
ऐसे में जब गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ जी20 बैठक स्थलों में शामिल हैं, उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों के तहत, इस तरह के बड़े कार्यक्रम बड़े शहरों तक ही सीमित थे। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर के लोग इसके लिए आभारी हैं। हमें लगता है कि आजादी के बाद से इस क्षेत्र के विकास पर इतना जोर दिया गया होता, तो हमारी स्थिति में पहले ही काफी सुधार हो गया होता।’’
शर्मा ने कहा कि एमवी गंगा विलास से पर्यटकों को कामाख्या मंदिर, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान, माजुली द्वीप और असम में चाय शहर डिब्रूगढ़ जैसे स्थानों का दौरा करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के साथ हमेशा अत्यंत सम्मान और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)