ताजा खबरें | एलआईसी के आईपीओ से किसी नौकरी नहीं जाएगी, निवेशकों और संस्था दोनों को फायदा होगा: मंत्री
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के प्रस्तावित आईपीओ से किसी भी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी तथा इस कदम से एलआईसी एवं निवेशकों दोनों को फायदा होगा।
नयी दिल्ली, 15 मार्च केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के प्रस्तावित आईपीओ से किसी भी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी तथा इस कदम से एलआईसी एवं निवेशकों दोनों को फायदा होगा।
उन्होंने लोकसभा में कांग्रेस के मनीष तिवारी और तेलंगाना राष्ट्र समिति के नमा नागेश्वर राव के पूरक प्रश्नों के उत्तर में यह भी कहा कि आईपीओ की प्रक्रिया शुरू हो गई है और सरकार का प्रयास है कि इस संस्था में ज्यादा से ज्यादा लोग निवेश करें
ठाकुर ने कहा, ‘‘ आईपीओ लाने की प्रक्रिया आरंभ हुई है। जब उचित समय आएगा तो उस समय बताया जाएगा कि इसकी बाजार में कीमत कितनी है...बाजार में इसकी कीमत बढ़े और ज्यादा से ज्यादा लोग निवेश करें, यह कोशिश है।’’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘किसी की नौकरी नहीं जा रही है बल्कि इससे निवेशकों और एलआईसी दोनों को लाभ मिलेगा।’’
तिवारी द्वारा देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति को खराब बताए जाने के बाद ठाकुर ने प्रतिवाद करते हुए कहा, ‘‘स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि कई एजेंसियों ने कहा है कि भारत ने तेजी से रिकवरी की है और भारत की विकास दर दोहरे अंक में रहने वाली है।’’
पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाए जाने की संभावना से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि जीएसटी परिषद को इस बारे में फैसला करना है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर राज्य भी कुछ कर कम करें और केंद्र भी कुछ कर घटाने पर विचार कर सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)